जिले में 300 से अधिक पोल टूटे, 355 स्थानों पर तार क्षतिग्रस्त, 10 ट्रांसफार्मर भी हुए खराब, रातभर बिजली संकट से जूझे लोग
मुजफ्फरनगर। रविवार दोपहर आए तेज तूफान ने मुजफ्फरनगर में बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के सामने बिजली के खंभे और तार टिक नहीं सके, जबकि कई स्थानों पर पेड़ और उनकी डालियां विद्युत लाइनों पर गिर गईं। इससे शहर से लेकर देहात तक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पावर कॉरपोरेशन को शुरुआती आकलन में करीब 3.50 करोड़ रुपये की क्षति होने का अनुमान है। जिले में 300 से अधिक बिजली के पोल टूटने, करीब 355 स्थानों पर तार क्षतिग्रस्त होने तथा 10 ट्रांसफार्मर खराब होने से विद्युत विभाग की मुश्किलें बढ़ गईं। कई इलाकों में पूरी रात बिजली संकट बना रहा।
रविवार दोपहर करीब ढाई बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए। पहले तेज हवाएं चलीं और फिर हवा की रफ्तार बढ़ने से तूफान जैसे हालात बन गए। इसका असर बिजली व्यवस्था पर पड़ा। शहर में सदर बाजार स्थित चर्च के पास, भोपा रोड, जानसठ रोड, मेरठ रोड और रुड़की रोड सहित कई स्थानों पर पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए। वहीं नरा, भोपा रोड, जौली रोड और बधाई कलां की ओर से आने वाली उच्च क्षमता की बिजली लाइनों पर भी पेड़ और डालियां गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई।

तूफान से जिले के सदर, पुरकाजी, छपार, जानसठ और मीरापुर क्षेत्रों में अधिक नुकसान बताया गया है। शाहपुर और बुढ़ाना क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम क्षति हुई। बिजली के पोल टूटने और तार क्षतिग्रस्त होने के कारण कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को देर रात तक परेशानी झेलनी पड़ी। विद्युत विभाग की टीमें टूटे तारों को दुरुस्त करने, लाइनों से पेड़ों की डालियां हटाने और बाधित आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं। जहां बिजली के पोल धराशायी हुए, वहां नए पोल लगाने का काम शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार, पोल और डबल पोल दोबारा खड़े करने में अधिक समय लगने के कारण कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल करने में देरी हुई।
गोकुल सिटी फीडर पर तीन डीपी एक साथ क्षतिग्रस्त
सुरेंद्रनगर से पोषित गोकुल सिटी फीडर पर ओम पैराडाइज के सामने तीन विद्युत वितरण इकाइयां (डीपी) एक साथ क्षतिग्रस्त हो गईं। इनके खराब होने से आसपास के क्षेत्रों की बिजली कई घंटों तक बंद रही। अधिकारियों के अनुसार, तीनों डीपी को दुरुस्त करने और व्यवस्था बहाल करने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा। पावर कॉरपोरेशन के मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि तूफान से विभाग को करीब 3.50 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। जिले में 300 से अधिक पोल टूटे हैं और बिजली लाइनों पर पेड़ व डालियां गिरने से आपूर्ति प्रभावित हुई है। कर्मचारियों को मरम्मत कार्य में लगाया गया है और बिजली आपूर्ति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
