बसपा में करीब 17 साल सक्रिय रहने के बाद भाजपा में आकर बनाई पहचान, पश्चिम क्षेत्र में साढ़े चार साल संगठन की जिम्मेदारी संभालने का मिला लाभ
मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्षों की नई सूची जारी कर संगठन में बदलाव किया है। इस क्रम में मुजफ्फरनगर में यशवीर सिंह को अनुसूचित जाति मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी के इस फैसले को जिले में संगठनात्मक जिम्मेदारी के लिए नए चेहरे पर भरोसे के रूप में देखा जा रहा है। यशवीर सिंह इससे पहले भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पश्चिम क्षेत्र में क्षेत्रीय मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से रविवार को जिलाध्यक्षों की सूची जारी किए जाने के बाद यशवीर सिंह की नियुक्ति की जानकारी सामने आई। भरतिया कॉलोनी निवासी यशवीर सिंह पेशे से व्यापारी हैं और ठेकेदारी का काम भी करते हैं। संगठन में उनकी पहचान मिलनसार और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बनाए रखने वाले व्यक्ति के रूप में बताई जाती है।
बसपा से भाजपा तक का सफर, आईएएस-आईपीएस लॉबी में है पकड़
यशवीर सिंह करीब 17 वर्ष तक बहुजन समाज पार्टी से जुड़े रहे। इस दौरान उन्होंने कांशीराम और मायावती की विचारधारा से प्रेरित होकर बहुजन मिशन तथा दलित उत्थान से जुड़े कार्यों में भागीदारी की। इसके बाद करीब सात-आठ वर्ष पहले उन्होंने भाजपा का दामन थामा और एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में संगठन में काम करना शुरू किया। भाजपा में सक्रियता के साथ उन्होंने अनुसूचित जाति मोर्चा के पश्चिम क्षेत्र में क्षेत्रीय मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। करीब साढ़े चार साल तक इस पद पर कार्य करने के बाद अब उन्हें जिला स्तर पर संगठन की कमान सौंपी गई है। पार्टी के इस निर्णय को जिले में अनुसूचित जाति समाज के बीच संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के तौर पर देखा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार यशवीर सिंह की ब्यूरोक्रेसी में अच्छी पकड़ है और यूपी के पुराने तथा नये आईएएस-आईपीएस अफसरों में उनका अच्छा मेल-जोल भी है।
संगठन का पुराने जिलाध्यक्ष की जगह नए चेहरे पर भरोसा
यशवीर सिंह से पहले अजय सागर अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष थे। इस बार अजय सागर भी पद की दौड़ में बताए जा रहे थे, लेकिन पार्टी ने नए चेहरे को जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया। यशवीर सिंह की नियुक्ति के बाद अब संगठन के सामने मोर्चे की गतिविधियों को गति देने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और समाज के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने की चुनौती रहेगी। यशवीर सिंह की राजनीतिक यात्रा को देखते हुए उनकी नियुक्ति को सामान्य कार्यकर्ता से संगठनात्मक जिम्मेदारी तक पहुंचने के उदाहरण के रूप में भी देखा जा रहा है। अब उनकी भूमिका जिला स्तर पर मोर्चे के कार्यक्रमों, जनसंपर्क और संगठनात्मक विस्तार में महत्वपूर्ण रहेगी।
सामाजिक समरसता के साथ बूथ स्तर पर मजबूती हमारा लक्ष्य
भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व ने मुझ पर विश्वास जताते हुए अनुसूचित जाति मोर्चा, मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके लिए मैं पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मैं इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करूंगा। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों, सामाजिक समरसता और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करना मेरी प्राथमिकता रहेगी। संगठन के सभी साथियों को साथ लेकर अनुसूचित जाति मोर्चा को बूथ स्तर तक मजबूत करने और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करूंगा।
