शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनावः मुजफ्फरनगर में 16,966 मतदाता डालेंगे वोट

23 अक्टूबर को होगा शिक्षक-स्नातक एमएलसी सीटों पर मतदान, मुजफ्फरनगर में 13,741 स्नातक और 3,225 शिक्षक मतदाता पंजीकृत

मुजफ्फरनगर। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव को लेकर मुजफ्फरनगर में जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग मतदान व्यवस्थाएं निर्धारित की गई हैं। प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 13,741 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 3,225 मतदाता पंजीकृत हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए जनपद में कुल 26 मतदान केंद्र और 56 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।

विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने भी अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। भाजपा, समाजवादी पार्टी और विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रत्याशी मतदाताओं तक पहुंचने में जुटे हैं। भाजपा अपने पिछले चुनावी प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश में है।
जिला प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव कराने के लिए मुजफ्फरनगर में 13 मतदान केंद्र और 42 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 13,741 स्नातक मतदाता पंजीकृत हैं।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-कांवड़ियों की सेवा में आगे आया जिला चिकित्सालय परिवार

वहीं, मेरठ खंड शिक्षक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र के लिए भी 13 मतदान केंद्र बनायें गए हैं लेकिन इनमें 14 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। शिक्षक एमएलसी चुनने के लिए कुल 3,225 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस प्रकार शिक्षक और स्नातक एमएलसी के चुनाव के लिए जिले में कुल 16,966 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान के लिए जिले में कुल 26 मतदान केंद्रों पर 56 मतदेय स्थलों की व्यवस्था की गई है। अब दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। मतदान का समय सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी, जोकि मेरठ में होगी।

दिनेश-श्रीचंद की जीत ने तोड़ा था शिक्षक राजनीति में 48 साल का वर्चस्व

मेरठ खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव का इतिहास पश्चिमी उत्तर प्रदेश की शिक्षक राजनीति में लंबे समय से प्रभाव रखने वाले संगठनों और नेताओं से जुड़ा रहा है। विशेष रूप से शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में माध्यमिक शिक्षक संघ के शर्मा गुट का कई दशकों तक दबदबा रहा। शिक्षक नेता ओमप्रकाश शर्मा ने लगातार आठ बार चुनाव जीतकर करीब 48 वर्षों तक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। उनके लंबे राजनीतिक प्रभाव के कारण यह सीट प्रदेश की शिक्षक राजनीति में विशेष पहचान रखती थी। वर्ष 2020 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा ने ओमप्रकाश शर्मा को पराजित कर इस लंबे वर्चस्व को समाप्त कर दिया। इस जीत को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की शिक्षक राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा गया।

इसे भी पढ़ें:  कांवड़िया बनकर श्रद्धालुओं के मोबाइल चुराने वाले दो शातिर गिरफ्तार

इसी तरह शिक्षक नेता हेम सिंह पुंडीर भी लंबे समय तक इस क्षेत्र की राजनीति में प्रभावशाली रहे। उन्होंने चार बार चुनाव जीतकर 24 वर्षों तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। वर्ष 2020 के चुनाव में भाजपा के दिनेश गोयल ने उन्हें पराजित किया। इन दोनों चुनावी नतीजों के बाद शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा की राजनीतिक स्थिति मजबूत हुई। इस बार का चुनाव पुराने दिग्गजों की अनुपस्थिति के कारण भी चर्चा में है। ओमप्रकाश शर्मा के निधन और हेम सिंह पुंडीर के चुनाव नहीं लड़ने से शिक्षक संगठनों के सामने नए नेतृत्व को आगे बढ़ाने की चुनौती है। भाजपा वापसी का दावा कर रही है, दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी और विभिन्न शिक्षक संगठन भी चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए प्रयासरत हैं।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-मौत बनकर सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड गन्ना वाहन

मेरठ शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव-मुजफ्फरनगर में चुनाव से जुड़े प्रमुख आंकड़े

– स्नातक मतदाता-13,741
– शिक्षक मतदाता-3,225
– कुल मतदाता-16,966
– स्नातक मतदान केंद्र- 13
– स्नातक मतदेय स्थलरू 42
– शिक्षक मतदान केंद्र-13
– शिक्षक मतदेय स्थल-14
– कुल मतदान केंद्र-26
– कुल मतदेय स्थल-56
– मतदान की तिथि-23 अक्टूबर 2026
– मतदान का समय-सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक
– मतगणना-27 अक्टूबर 2026
– निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने की तिथि-31 अक्टूबर 2026

Share This Article