मुजफ्फरनगर-एक लाख में बिकी रानी, नौ साल से शारीरिक शोषण

न पत्नी का दर्जा मिला, न मायके से मिल पाया कोई सहारा, नौ साल बाद एसएसपी से लगाई मदद की गुहार, भाई पर एक लाख रुपये में बेचने का आरोप, बोली-अब बंधन में नहीं, अपनी मर्जी से जीना चाहती हूं जीवन

मुजफ्फरनगर। जनपद शामली के जलालाबाद की रहने वाली एक महिला ने अपने भाई और अन्य परिजनों पर उसे एक लाख रुपये में बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि नौ साल पहले उसे मुजफ्फरनगर के शाहपुर कस्बे में एक व्यक्ति के हाथों बिना ब्याह कराए ही सौंप दिया गया था। तब से वह शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न झेल रही है। महिला ने आरोप लगाया कि उसे न तो पत्नी का दर्जा मिला और न ही मायके में बेटी या बहन के रूप में अपनापन और कोई सहारा ही दिया गया। अब इस कथित प्रताड़ना से परेशान होकर उसने एसएसपी से मदद की गुहार लगाई है। महिला ने उसे बंधनमुक्त कराकर अपनी मर्जी से जीवन जीने का अवसर देने और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में बड़े उत्सव के रूप में मनाया जायेगा भाजपा स्थापना दिवसः कपिल देव

पीड़ित महिला का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल हो रहा है। इसमें महिला ने बताया कि उसकी पहचान रानी पुत्री पालो निवासी जलालाबाद, जनपद शामली है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि करीब नौ साल पहले उसके भाई प्रमोद और अन्य परिजनों ने उसे कथित तौर पर एक लाख रुपये लेकर शाहपुर कस्बे के मोहल्ला गडरियान निवासी सोनू पुत्र गोपाल को सौंप दिया था। रानी का आरोप है कि इस दौरान न तो उसका विधिवत विवाह कराया गया और न ही उसे पत्नी के रूप में स्वीकार किया गया। इसके बावजूद वह लगातार सोनू के साथ रहने को मजबूर रही।

रानी के अनुसार, सोनू ने उसे पत्नी का दर्जा देने के बजाय घर में नौकरानी की तरह रखा। महिला का आरोप है कि पिछले नौ वर्षों से उसे गंभीर रूप से शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। उसने बताया कि सोनू शराब पीने का आदी है और नशे की हालत में उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाता है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और अन्य तरह की यातनाएं दी जाती हैं। कई बार उसकी मर्जी के बिना प्रताड़ित करते हुए अप्राकृतिक शारीरिक सम्बंध भी बनाएं और गंभीर रूप से अपमानित किया गया।

महिला का कहना है कि उसने कई बार अपने भाई और अन्य परिजनों से अपनी पीड़ा बताई तथा मदद मांगी, लेकिन किसी ने उसका साथ नहीं दिया। आरोप है कि उसे इस स्थिति में छोड़कर परिजनों ने भी उससे मुंह मोड़ लिया। मायके से सहारा नहीं मिलने और ससुराल जैसे घर में सम्मानजनक जीवन न मिल पाने के कारण उसकी परेशानियां लगातार बढ़ती गईं। वो नौ साल से यह शोषण झेलती रही। रानी ने कहा कि वह इस कथित शोषण और प्रताड़ना भरी जिंदगी से पूरी तरह तंग आ चुकी है। अब वह किसी के दबाव या बंधन में रहने के बजाय स्वतंत्र रूप से अपना जीवन जीना चाहती है। हालांकि, उसने सोनू और अपने ही परिजनों से खतरा होने की आशंका भी जताई है। इसी वजह से उसने पुलिस से सुरक्षा दिलाने और उसे मौजूदा परिस्थितियों से बाहर निकालने की मांग की है।

इसे भी पढ़ें:  एआईएमआईम ने की मीरापुर में दोबारा मतदान कराने की मांग

महिला ने एसएसपी से गुहार लगाते हुए कहा कि उसे अपनी मर्जी से जीवन जीने का अधिकार दिलाया जाए, ताकि वह भय और प्रताड़ना से मुक्त होकर नई शुरुआत कर सके। उसने सोनू के साथ-साथ अपने भाई प्रमोद और कथित तौर पर उसे बेचने में शामिल अन्य परिजनों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। रानी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वह अपनी पीड़ा बताते हुए मदद की मांग कर रही है। महिला के आरोपों ने उसके साथ कथित तौर पर हुए व्यवहार और उसकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

इसे भी पढ़ें:  ऊँचा गांव में गुरु गोरखनाथ मंदिर का भव्य भूमि पूजन संपन्न
Share This Article