मुजफ्फरनगर-ग्राम प्रधान के इकलौते बेटे की हत्या, खेत में मिला शव

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, ग्रामीणों में पनपा आक्रोश, घटना से कई गांवों में सनसनी, दोस्त के घर जन्मदिन मनाने गया था नाबालिग रोहन, सुबह खेत में मिला कीचड़ से सना शव, कान के नीचे चोट के निशान होने का दावा, जन्मदिन मनाने दोस्त के गांव कया था मृतक

मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव हरेटी में ग्राम प्रधान के 16 वर्षीय इकलौते बेटे का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए जांच की मांग की, वहीं घटना से कई गांवों में सनसनी नजर आई और ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त किया। बुधवार शाम दोस्त के घर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया रोहन राठी रात में घर नहीं लौटा था। सुबह गांव सलेमपुर-हरेटी मार्ग के पास खेत में उसका शव पड़ा मिला। शव पर चोट के निशान मिलने से परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। पूरा शव मिट्टी की कीचड़ से लथपथ बताया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। कई दोस्तों को हिरासत में लिया गया है।

इसे भी पढ़ें:  हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकराया, 3 हुई मृतकों की संख्या, 15 झुलसे

गांव हरेटी के वर्तमान ग्राम प्रधान विवेक राठी के तीन बच्चे हैं, दो बड़ी बेटी हैं और एक सबसे छोटा बेटा है। उनका 16 वर्षीय इकलौता बेटा रोहन राठी बुधवार शाम करीब छह बजे भोपा थाना क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा में अपने दोस्त के यहां जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए परिजनों को बताकर गया था। रात करीब 11 बजे तक रोहन के घर नहीं पहुंचने पर पिता ने फोन पर उससे बात की। परिजनों के अनुसार फोन पर रोहन ने बताया था कि वह सुबह तक घर आएगा। अपने दोस्त के पास ही रूका है। इसके बाद परिजन उसके लौटने का इंतजार करते रहे।

इसे भी पढ़ें:  पंजाब में रेल रोको आंदोलन: छह जिलों में ट्रैकों पर डटा किसान मजदूर मोर्चा.... मोगा में पुलिस के साथ धक्का-मुक्की

गुरुवार सुबह करीब आठ बजे स्कूल जाने वाले कुछ बच्चे अपने परिजनों के साथ सलेमपुर के रास्ते से हरेटी स्कूल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खेत के पास की नाली में एक युवक का शव पड़ा देखा। बच्चों और उनके साथ मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान ग्राम प्रधान के बेटे रोहन राठी के रूप में हुई। प्रधान विवेक राठी भी परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचित किया गया। प्रत्यक्ष रूप से दिखाई दे रही स्थिति में रोहन के कान के नीचे चोट का निशान था और उसका शरीर मिट्टी से सना हुआ था। शव खेत में मिलने और चोट के निशान होने के कारण परिजनों ने उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में भी हलचल मच गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर एसपी सिटी अमृत जैन, सीओ सदर सुनील कुमार और थाना प्रभारी डॉ. मनविंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद एसएसपी संजय वर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और पुलिस व ग्रामीणों से जानकारी ली। कहा कि तीन टीमों का गठन किया गया है, जल्द ही खुलासा किया जायेगा। शव के साथ ही सैंकड़ों की संख्या में ग्रामीण भी परिजनों के साथ मोर्चरी पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या की आशंका सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें:  थाने में गबन-नई मंडी कोतवाली से 19 लाख नकद, जेवर और हथियार गायब!

 

Share This Article