नेपाल त्रासदी पीड़ितों को सहायता पहुंचाकर लौटे विकल्प जैन का अभिनंदन

व्यापार मंडल ने संगठन के तीन पदाधिकारियों को किया सम्मानित, संजय मित्तल बोले-पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के अभियान ने प्रभावित परिवारों की मदद की

मुजफ्फरनगर। नेपाल में आई भीषण त्रासदी से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेपाल हेल्पिंग हैंड्स अभियान के तहत एकत्र हुई खाद्य सामग्री और नकद राशि लेकर त्रासदी के पीड़ितों तक ग्राउण्ड जीरों पर पहुंचे अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल का लौटने पर संगठन ने अभिनंदन करते हुए स्वागत किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व सभासद विकल्प जैन के नेतृत्व में नेपाल पहुंचकर प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री वितरित की और ग्राउण्ड जीरो तक जाकर दिये गये दायित्व को पूर्ण किया। संगठन ने इस अभियान के लिए पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप का भी आभार जताया।

इसे भी पढ़ें:  पूर्व सांसद भारतेन्द्र का बाल भी बांका हुआ तो ईंट से ईंट बजा देंगेः मयंक त्यागी

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय मित्तल ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के सहयोग से एक ट्रक खाद्य सामग्री एकत्र कर नेपाल पीड़ितों के लिए भेजी गई थी। 15 सितम्बर को टाउनहाल से इस सामग्री को पालिकाध्यक्ष ने रवाना किया था। सामग्री पहुंचाने के लिए व्यापार मंडल के तीन पदाधिकारी सड़क मार्ग से नेपाल पहुंचे, इसमें अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष विकल्प जैन, नई मंडी इकाई के प्रभारी आशुतोष गुप्ता और नगर मंत्री दिनेश जैन शामिल रहे। इन तीनों व्यापारी नेताओं ने अपने साथ नकद राशि, चावल, दाल सहित अन्य आवश्यक सामग्री को ग्राउण्ड जीरो पर पीड़ितों तक पहुंचाया। उन्होंने वहां प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री और नकद सहायता वितरित की।

इसे भी पढ़ें:  यूपी में 12 IPS तबादले, कई जिलों में नई तैनाती

नेपाल पहुंचने पर विश्व हिंदू महासंघ अंतरराष्ट्रीय नेपाल प्रांत की अध्यक्ष अस्मिता भंडारी ने अपनी टीम के साथ प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। उन्होंने भारत और नेपाल के पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों का उल्लेख करते हुए सहायता के लिए आभार जताया। उन्होंने अपनी टीम के साथ प्रतिनिधिमंडल को ग्राउण्ड जीरो तक जाकर पीड़ितों से मिलवाया और इस त्रासदी की भयावह स्थिति के दर्शन कराये। विकल्प जैन ने कहा कि नेपाल में 28 अगस्त को आई इस भीषण त्रासदी ने हजारों लोगों को प्रभावित किया और न जाने कितने लोग अकाल मृत्यु का शिकार हुए हैं। वहां हालात बेहद दयनीय हो चुके हैं। हमने इस कठिन यात्रा की चुनौती को स्वीकार कर पालिका अध्यक्ष और समाज द्वारा दी गई जिम्मेदारी को निभाया, पीड़ितों तक आर्थिक मदद और राहत सामग्री पहुंचाई गई। टीम करीब सात दिन के बाद वापस लौटी। टीम का स्वागत करने वालों में संजय मित्ततल के अलावा मुदित जैन, दिनेश बंसल, नीरज गांधी, संजय बंसल, सागर बंसल, अमित राय जैन और संजीव बत्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  काशीराम कॉलोनी में आवासों की खरीद-फरोख्त का आरोप, जिलाधिकारी से जांच की मांग
Share This Article