मुजफ्फरनगर-मंदिर से पूजा कर घर लौटती महिला से दिनदहाड़े लूट

पता पूछने के लिए रोका, कानों से सोने के कुंडल झपटकर ले गये बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े हुई झपटमारी की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। मंदिर से पूजा-अर्चना कर घर लौट रही एक महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाते हुए उसके दोनों कानों से सोने के कुंडल झपट लिए। वारदात इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। झपटमारी के दौरान दोनों कान बुरी तरह घायल हो गए और खून बहने लगा। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने चार विशेष टीमों का गठन किया है।

इसे भी पढ़ें:  रालोद नेता-शिक्षक प्रकरणः माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक में दिखा आक्रोश

जानकारी के अनुसार शांति नगर निवासी 41 वर्षीय अन्नू धीमान गुरुवार सुबह रोजाना की तरह मंदिर में पूजा करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थीं। सुबह करीब 9 बजे जब वह शांति नगर स्थित अपने घर के निकट पहुंचीं, तभी बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार दोनों युवक पहले से ही महिला की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और वारदात के लिए अनुकूल अवसर तलाश रहे थे।

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवक बाइक स्टार्ट कर कुछ दूरी पर खड़ा रहा, जबकि दूसरा महिला के आसपास घूमता रहा। जैसे ही सड़क पर लोगों की आवाजाही कम हुई, आरोपी ने पीछे से झपट्टा मारते हुए महिला के दोनों कानों से सोने के कुंडल नोंच लिए। अचानक हुए हमले से महिला दर्द से चीख उठीं। बदमाश कुछ ही सेकंड में बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

इसे भी पढ़ें:  अफेयर के शक में बॉस बना कातिल: लखनऊ में कर्मचारी की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

सूचना मिलते ही नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला का उपचार कराया।
घटना के संबंध में पीड़िता के पति प्रदीप कुमार पुत्र सुन्दरलाल निवासी खुशी विहार, शांति नगर गेट नंबर-1 ने नई मंडी थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी पत्नी सुबह 9 बजकर 11 मिनट पर मंदिर से लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने पहले उनसे एक पता पूछा। महिला द्वारा जानकारी देने के बाद जैसे ही वह आगे बढ़ीं, पीछे बैठे युवक ने उनके कानों से सोने के कुंडल झपट लिए और दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी नई मंडी सुनील कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। स्थानीय पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस झपटमारी की घटना से शांति नगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।

इसे भी पढ़ें:  देवबंद में सीएम योगी संग विधायक राजीव गुम्बर की सेल्फी वायरल
Share This Article