नारी वंदनः मातृशक्ति का जनसैलाब बदलाव का संकेतः अनिल कुमार

लखनऊ में सीएम योगी के साथ मंत्री अनिल कुमार ने की पदयात्राः नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विपक्ष के विरोध के खिलाफ सड़कों पर उतरी महिलाएं

मुजफ्फरनगर। लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने के कारण विपक्ष के खिलाफ भाजपा पूरी तरह से मुखर है, देश के साथ ही प्रदेशव्यापी अभियान में अब भाजपा ने रालोद सहित एनडीए के सभी घटक दलों के साथ महिलाओं के विरोध में विपक्ष के इस रवैये को बेनकाब करने के लिए महिला पदयात्रा अभियान शुरू किया है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रालोद अध्यक्ष जयंत चैधरी के प्रतिनिधि के रूप में प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भी पदयात्रा में शामिल हुए और विपक्ष पर पूरी तरह से हमलावर नजर आये।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की सड़कों पर महिलाओं का सैलाब लेकर उतरे सीएम योगी ने नारी अधिकारों के समर्थन और विपक्ष के विरोध के खिलाफ व्यापक पदयात्रा की गई। मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल एनडीए का कोई राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों और प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर उभरती जागरूकता का प्रतीक बनकर समाने आया है।

इसे भी पढ़ें:  बाइक चलाते समय रील बना रहे युवक महिला से भिड़े..... फिर ट्रक से टकराए, तीन की मौत, एक घायल

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा महिलाओं को 33 प्रतिशत राजनीतिक आरक्षण देने के लिए लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल प्रस्तुत किया गया, जो विपक्ष के विरोध के कारण 28 मतों के अंतर से पारित नहीं हो पाया। विपक्ष इसके लिए अपनी जीत मना रहा है तो भाजपा ने विपक्ष के खिलाफ महिलाओं के अधिकारों के प्रति उसकी नीति की पोल खोल के लिए देशव्यापी अभियान तय किया है।

इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर आयोजित ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ में प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने राष्ट्रीय लोकदल प्रतिनिधि के रूप में भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा और सहयोगी दलों के नेताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में अपनी एकजुटता दिखाई।
यह पदयात्रा कांग्रेस और इंडी गठबंधन द्वारा लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध के खिलाफ आयोजित की गई थी। भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल महिलाओं के राजनीतिक अधिकारों में बाधा डाल रहे हैं। इसी के विरोध में प्रदेशभर में महिला शक्ति के साथ प्रदर्शन शुरू किया गया है, जिसे अभियान का रूप दिया जा रहा है। लखनऊ में आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने तिरंगा लेकर हिस्सा लिया और महिला सशक्तिकरण के समर्थन में नारे लगाए।

इसे भी पढ़ें:  सहारनपुर में तिब्बती मार्केट हटाने को लेकर विवाद, निगम और दुकानदार आमने-सामने

कार्यक्रम में मंत्री अनिल कुमार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अग्रिम पंक्ति में नजर आए। पदयात्रा के दौरान अनिल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सड़कों पर उमड़ी मातृशक्ति का जनसैलाब इस बात का संकेत है कि महिलाएं अब अपने अधिकारों को लेकर जागरूक, संगठित और मुखर हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व में नई ताकत देगा और यह ऐतिहासिक कदम है।

इसे भी पढ़ें:  किसान सेना डाल रही मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन बस सेवा में बाधा

उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल के केंद्रीय नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि जयंत चैधरी द्वारा इस अधिनियम का समर्थन एनडीए की नीतियों के प्रति विश्वास को दर्शाता है। यह समर्थन केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है। अनिल कुमार ने कहा कि एनडीए गठबंधन पूरी मजबूती के साथ महिलाओं के अधिकारों के पक्ष में खड़ा है और यह एकजुटता देश के लोकतांत्रिक ढांचे को और मजबूत करेगी। इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चैधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक सहित कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, नगर निगम लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।

Share This Article