सहारनपुर। प्रधानमंत्री पोषण योजना अंतर्गत कार्यरत मिड डे मील रसोइयों के सम्मान एवं कैशलैस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।कार्यक्रम का शुभारंम्भ मुख्य अतिथि द्वारा दीपक प्रज्ज्वलित कर किया गया। केजीबीवी की बालिकाओं द्वारा कार्यक्रम में स्वागत गान की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर रसोइयों को कैशलैस चिकित्सा कार्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में कार्यरत लगाभग 3.53 लाख रसोइयों के हित में महत्वपूर्ण घोषणायें की गई जिसमें मुख्यतः रसोइयों को 2 लाख तक के दुर्घटना बीमा कवर तथा 5 लाख तक के परिवारिक सदस्यों सहित कैशलैस चिकित्सा सुविधा एवं वर्ष में एक बार मिलने वाली ड्रेस की धनराशि को रू0 500 से बढाकर रू0 1000 किया गया जिससे उक्त योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सामाजिक एवं आर्थिक हितों का मजबूती मिलेगी। साथ ही यह भी निर्देश दिये गये कि विद्यालयों में बनने वाले भोजन को स्वच्छता से बनाया जाये तथा भोजन बनाने से पूर्व खाद्यान्न एवं प्रयोगार्थ सामग्री का अच्छे तरह से चैक भी किया जाये तथा गुणवत्तापूर्ण भोजन मानकानुसार बनाये जाने हेतु निर्देश भी दिया गया। यह भी बताया कि भोजन बनाने के पश्चात पंक्तिबद्ध बच्चों को बैठाकर सम्मानपूर्वक भोजन वितरण किया जाये।
कार्यक्रम में विभिन्न विकास क्षेत्रों से आयी हुई रसोइयों में से प्रा० वि० नगराजपुर की रसोइया टीना देवी, प्रा०वि० सीडकी की सहराना, प्रा०वि० भारापुर की सलोचना प्रा०वि० भटपुरा की गुडडी, प्रा०वि० जडौदा पांडा नं० 1 एव नं0 2 की मीनाक्षी एव प्रियंका तथा प्रा०वि० रामखेडी की महंगी देवी, प्रा०वि० नौगावां की हसीना प्रा०वि० बेगपुर की मीना, प्रा०वि० अल्हणपुर की नीलम को मुख्यमंत्री कैशलैस कार्ड एवं प्रशस्ति पत्र सम्मान के रूप में दिया गया। राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने रसोइयों द्वारा इस महत्वपूर्ण कार्य करने हेतु बधाई दी तथा विद्यालयों में उपस्थित रहकर समय अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण भोजन बनाने एवं वितरित करने की भी बात कही। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल तथा विभिन्न विकास खंड क्षेत्रों से आये हुए अध्यापक, अध्यापिकायें, रसोइयां उपस्थित रही।
