सहारनपुर। बारिश के कारण आज नगर निगम में जन सुनवाई के दौरान केवल तीन व्यक्ति ही अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिनमें से पशु पालन विभाग से सम्बंधित एक समस्या का अपर नगरायुक्त प्रदीप कुमार यादव ने तत्काल समाधान करा दिया। विद्युत से सम्बंधित शेष दो समस्याओं के निस्तारण के लिए पथ प्रकाश प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वार्ड 02 विजय नगर दिल्ली रोड निवासी कुलदीप कुमार ने आवासीय क्षेत्र में पशुपालन और उसके कारण हो रही परेशानियों की ओर ध्यान दिलाया, जिस पर पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने टीम भेजकर समस्या का समाधान करा दिया।
इसके अलावा वार्ड 46 नदीम कॉलोनी निवासी आसिफ ने कॉलोनी की बंद पड़ी लाइटों को ठीक कराने तथा वार्ड 21 टैगोर गॉर्डन पेपर मिल रोड निवासी ऋषिपाल ने भी कॉलोनी की खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिए। जिस पर अपर नगरायुक्त ने पथ प्रकाश प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
