सावन की शिवरात्रि-शिव मंदिरों में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे कपिल देव अग्रवाल

शेरनगर और भंडूरा के शिवालयों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के निर्देश

मुजफ्फरनगर। सावन की शिवरात्रि पर्व को लेकर शिवालयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज करते हुए व्यवस्था बनाने का काम किया। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने ग्राम शेरनगर और भंडूरा स्थित पावन शिव मंदिरों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही मंदिरों पर जलाभिषेक के लिए उमड़े श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर मुलाकात की, वहीं कांवड़ यात्रा पूरी कर जलाभिषेक करने वाले कांवड़ियों से भी कुशलक्षेम पूछा और बधाई दी।

इसे भी पढ़ें:  ओटीएस द्वितीय चरण की अवधि बढ़ी, विद्युत उपभोक्ताओं को राहत

निरीक्षण के दौरान कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली गई, उनको देखने के लिए ही दौरा किया गया। उन्होंने मंदिर परिसरों में स्वच्छता, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, भीड़ नियंत्रण और अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों और जिम्मेदार कर्मचारियों से कहा कि पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि शिवरात्रि केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, भक्ति और सनातन संस्कृति की विराट अभिव्यक्ति है। भगवान शिव के प्रति श्रद्धा लेकर मंदिर पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुविधा और सेवा सुनिश्चित करना प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा। उन्होंने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए बाबा भोलेनाथ से सभी के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा सभी पर बनी रहे और यह पावन पर्व क्षेत्र में श्रद्धा, शांति और भाईचारे का संदेश लेकर आए।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-ओपन जिम के नाम पर पालिका में बड़ा गोलमाल
Share This Article