सहारनपुर। सहारनपुर पूनम मित्तल हत्याकांड को लेकर व्यापार मंडल ने पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया है। अंबेहटा पहुंचकर संपूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल रजिस्टर्ड के जिला अध्यक्ष जयवीर राणा ने स्व. पूनम मित्तल के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि संगठन इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और मामले में न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
जयवीर राणा ने अपनी ओर से और संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग की ओर से भी परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि किसी मां की हत्या केवल एक परिवार की क्षति नहीं होती, बल्कि यह पूरे समाज को झकझोरने वाली घटना है। ऐसे मामलों में पुलिस प्रशासन को तेजी और गंभीरता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।
व्यापार मंडल ने पुलिस प्रशासन से पूनम मित्तल हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। जिला अध्यक्ष जयवीर राणा ने कहा कि संगठन इस मामले को केवल एक परिवार का दर्द मानकर नहीं छोड़ेगा, बल्कि इसे समाज और व्यापारी वर्ग की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय मानता है।
उन्होंने बताया कि व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करेगा। इस मुलाकात में घटना की निष्पक्ष जांच, त्वरित कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग रखी जाएगी।
पूनम मित्तल हत्याकांड के बाद व्यापार मंडल ने व्यापारियों से भी अपनी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की अपील की है। जयवीर राणा ने कहा कि बाजारों और प्रतिष्ठानों में CCTV कैमरे लगवाना अब जरूरत बन चुका है। इससे न केवल अपराधियों की पहचान आसान होती है, बल्कि कई बार अपराध रोकने में भी मदद मिलती है।
उन्होंने व्यापारियों से कहा कि अपने प्रतिष्ठान पर काम करने वाले कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं। छोटी सी लापरवाही कई बार बड़ी घटना का कारण बन सकती है। एक जागरूक व्यापारी अपने व्यापार, परिवार और समाज की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा सकता है।
जयवीर राणा ने कहा कि व्यापारी की सुरक्षा संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूनम मित्तल को न्याय दिलाने के लिए व्यापार मंडल हर स्तर पर संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ेगा और पुलिस कार्रवाई पर लगातार नजर रखेगा।
मुलाकात के दौरान व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने परिवार से घटना की जानकारी ली और उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि न्याय मिलने तक संगठन की आवाज कमजोर नहीं पड़ेगी।
इस अवसर पर जिला चेयरमैन महावीर गुप्ता, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज, युवा जिला अध्यक्ष जोली प्रजापति, युवा जिला महामंत्री दिव्य लोक त्यागी, नकुड़ इकाई के अध्यक्ष रजनीश सिंगल, महामंत्री वैभव गोयल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।






