‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सफल बनाने में जुटी नगर पालिका

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में जनआंदोलन का स्वरूप दिया-मीनाक्षी स्वरूप

नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप की अगुवाई में 55 वार्डों में 11,732 पौधे लगाए जाएंगे, 27 स्थान चिन्हित, पांच टीमें गठित, रविवार सुबह कंपनी बाग से होगा अभियान का शुभारंभ

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत रविवार, 12 जुलाई को नगर पालिका परिषद शहर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर संचालित इस अभियान को सफल बनाने के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के सभी 55 वार्डों में कुल 11,732 पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 27 प्रमुख स्थलों का चयन करते हुए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है।

इसे भी पढ़ें:  पुलिस की लापरवाही-डीसीएम चोरी के मामले में 16 महीने बाद दर्ज हुआ मुकदमा

नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में तैयार की गई कार्ययोजना के अनुसार अभियान का शुभारंभ रविवार प्रातः आठ बजे कंपनी बाग से किया जाएगा। पालिका प्रशासन की ओर से प्रत्येक टीम का नेतृत्व अवर अभियंता (जेई) एवं सहायक अभियंता (एई) को सौंपा गया है। प्रत्येक टीम में पांच-पांच कर्मचारियों को शामिल किया गया है, ताकि निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके। अभियान के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी अधिशासी अधिकारी पवन कुमार तथा वाटिका प्रभारी एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी को दी गई है।

नगर पालिका प्रशासन द्वारा कंपनी बाग, भोपा रोड, मेरठ रोड, कच्ची सड़क एवं एटूजेड रोड के डिवाइडर, संधावली एसटीपी, किदवईनगर एसटीपी, जनकपुरी श्मशान घाट, सुभाषनगर, कूकड़ा, कृष्णापुरी, प्रेमपुरी, शांतिनगर, नगरपालिका कन्या इंटर कॉलेज, गहरा बाग मिलिट्री लैंड सहित कुल 27 प्रमुख स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा। कंपनी बाग में इस बार विशेष रूप से 200 अनार के पौधे लगाए जाएंगे। अभियान के दौरान यूकेलिप्टिस, पीपल, नीम, जामुन, अनार, मोरपंखी, अमरूद सहित फलदार, छायादार, औषधीय एवं सजावटी पौधों का रोपण किया जाएगा, जिससे शहर की हरित संपदा बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-शनिवार को टाउनहाल में वाल्मीकि महापंचायत

पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। यह अभियान केवल वृक्ष लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि मां के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण का भावनात्मक संदेश भी देता है। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल का संकल्प भी लंे। यदि प्रत्येक परिवार एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करेगा तो शहर हरा-भरा, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनने की दिशा में बड़ी सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। सभी नागरिकों की सहभागिता से मुजफ्फरनगर को अधिक हरित, सुंदर और स्वच्छ बनाया जा सकता है। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प भी है।

इसे भी पढ़ें:  सांसद चंदन चौहान को योगी-मोदी सरकारों से मिली बड़ी सौगत
Share This Article