शहर कोतवाल से बीच चौराहे बदतमीजी, पांच मिनट में वर्दी उतारने की खुली धमकी के आगे खाकी नतमस्तक
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में योगी राज है, योगी राज यानि राम राज्य की स्थापना जैसा वातावरण, ऐसे में अपराध की यहां कोई गुंजाइश नहीं, खाकी का इकबाल चारों तरफ बुलंद नजर आ रहा है। खाकी जोरावर है, कानून का राज है और अपराधियों के पैरों में घुटने से लेकर टखने तक पीतल की गरमाहट का अहसास कराने वाली पुलिस को वर्दी के रौब के साथ बुलडोजर का भी भरपूर साथ मिल रहा है।
मुजफ्फरनगर पुलिस के जौहर की बात करें तो बड़े बड़े लखटकिया दहशतर्गद बदमाशों को जमींदोज करने के तमगे खाकी वर्दी के हुस्न को रोशन करते नजर आ रहे हैं, लेकिन शुक्रवार की रात शिव भक्ति की गंगोत्री का दर्शन करने वाले शहर के हृदय स्थल शिव चौक पर इसी जौहरनशीं खाकी वर्दी को चंद हुडदंगी कांवड़ियों के सामने जितना असहाय और बेबस देखा गया, वो उत्तर प्रदेश में कानून के राज के दावों को बौना साबित कर रहा है। शहर कोतवाल को एक एएसपी सॉरी आईपीएस, माफ करना सीओ सिटी के सामने उंगली और आंखें दिखाकर धमकाने वाले लोग बाइज्जत रवाना हो गए, पीछे रह गई तो खाकी के इकबाल पर लगे धब्बे की चर्चा, लोगों में चौक चौपालों पर हो रही बातों में यही सवाल गूंज रहा है, कप्तान साहब! खाकी रो रही, वर्दी का इकबाल कौन लौटायेगा?
सावन का महीना अभी दूर है, लेकिन देवभूमि उत्तराखंड के रास्ते मुजफ्फरनगर में शिव भक्ति की बयार भरपूर जोरदार अंदाज में नजर आने लगी है। शुक्रवार को कुछ शिवभक्तों का रैला एक डबल डेकर डीजे कांवड़ लेकर शहर में पहुंचा, भारी बारिश का दौर अभी थमा ही था। पुलिस और प्रशासन वर्षाजनित हादसों को रोकने में जुटा था, करंट से कई मौत हो चुकी थी। ऐसे में इस डीजे कांवड़ पर वाहन की छत पर कुछ कांवड़िये खड़े होकर नृत्य कर रहे थे। सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात शहर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर बृजेश कुमार शर्मा शिव चौक के आसपास भ्रमण पर थे, इन कांवड़ियों को देखा तो वाहन पर चढ़े शिव भक्तों को नीचे उतरने के लिए कहा गया, लेकिन वो अड़े गये तो कोतवाल साहब भी वर्दी की गरमाहट में इन कांवड़ियों पर कानून का डंडा लेकर चढ़ गये।
बस फिर क्या था, शिव भक्ति में लीन इन चंद कांवड़ियों ने अपनी शक्ति का ऐसा नमूना पेश किया कि सरेआम शिव चौक पर बेइज्जत होती खाकी को माफी मांगकर पीछा छुड़ाना पड़ा, यहां जो कुड हुडदंग हुआ, एक कोतवाल को जो शर्मिन्दगी उठानी पड़ी, एक आईपीएस को जो खरी खोटी सुननी पड़ी, वो हम नहीं कहते, कई कैमरों में रिकॉर्ड हो चुकी वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म में उधम मचाते हुए बयां कर रही हैं।
इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों सॉरी शहर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर बृजेश शर्मा के साथ धक्का-मुक्की और वर्दी उतरवाने जैसी धमकियां दिए जाने की बात भी सामने आ रही है। पूरी फोर्स है, लेकिन शिव भक्त बने कांवडिये पांच मिनट में वर्दी उतरवाने की धमकी दे रहे हैं। मौके पर मौजूद कुछ पत्रकारों के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की शिकायत सामने आई है। दूसरी ओर, कुछ कांवड़ियों ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए शिव चौक पर धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर एएसपी सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
बताया जा रहा है कि जिन कांवड़ियों से पुलिस का विवाद हुआ वो गाजियाबाद जनपद के निवासी हैं। इसके बाद शनिवार को सोशल मीडिया पर इस विवाद में शामिल रहे कांवडियों के कई और वीडियो भी वायरल हुए हैं। दावा किया जा रहा है कि पुलिस की माफी के बाद इनके हौसले बुलन्द हुए और शिव चौक पर ही आरोपी कांवडिया माइक पर खुली चेतावनी देते हुए नारे लगवा रहा है, इसमें कहा जा रहा है कि सुबह तक इनको नजारा दिखा दिया जायेगा। एक दूसरी वीडियो जिसको रील कहा जा रहा है, में ये ही कांवडियो हिंदू कार्ड खेलते हुए कह रहा है कि बटोगे तो कटोगे, यहां भी उग्र नारेबाजी की जा रही है। ये कौन सी शिव भक्ति है, कैसी आस्था है और इनको यह हुडदंग करने का लाइसेंस कौन दे रहा है?
ऐसे ही कुछ सवाल कानून का राज वाली व्यवस्था से आम जन कर रहा है। जरा सी बात पर अपराधियों पर चिंघाड़ उठने वाला बुलडोजर शांत है, आंख दिलाने वाले बदमाशों को लंगड़ा करने को आतुर पुलिस की पिस्तौल का ट्रिगर जंग खा चुका है और खाकी का रौबीला डंडा खामोशी की चादर ओढ़ चुका है। सवाल जिले के कप्तान है, वो खाकी परिवार के मुखिया है, एक अदने से सिपाही का मनोबल न गिरे, उसका सम्मान बाकी रहे, यह उनकी जिम्मेदारी है, यहां तो सवार एक कोतवाल के आत्म सम्मान का है। अफसरों का केवल यही कहना है कि पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कार्य में बाधा डालने, कानून व्यवस्था भंग करने तथा पत्रकारों से अभद्रता करने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जनता…वेट एण्ड वॉच……….!!!?
