सोमवार से सामान्य रूप से खुलेंगे बैंक, 28 से 30 सितंबर की हड़ताल टली

पांच दिवसीय कार्य सप्ताह और पीएलआई योजना पर विचार के लिए आईबीए–यूएफबीयू की उच्चस्तरीय समिति बनेगी; सोमवार से सामान्य रूप से काम करेंगे बैंक

नई दिल्ली। बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल स्थगित कर दी है। रविवार रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) और यूएफबीयू के बीच हुई वार्ता में विभिन्न मांगों पर मिले आश्वासन के बाद यह फैसला लिया गया। हड़ताल टलने से सोमवार को बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे।

यूएफबीयू ने पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया था। हड़ताल का समय बैंकों की छमाही लेखाबंदी से भी जुड़ा था, जिससे शाखाओं में होने वाले लेनदेन, चेक क्लीयरिंग और अन्य बैंकिंग सेवाओं पर व्यापक असर पड़ने की आशंका थी।

इसे भी पढ़ें:  तनाव के कारण देश में छह राज्यों के 24 हवाई अड्डे बंद

बाकी शनिवारों की छुट्टी पर विचार करेगी समिति

यूएफबीयू के मुताबिक, दूसरे और चौथे शनिवार के अतिरिक्त महीने के बाकी शनिवारों को भी बैंक अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार के लिए आईबीए और यूएफबीयू के प्रतिनिधियों की एक उच्चस्तरीय समिति तत्काल गठित की जाएगी।

यह समिति पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी। समिति विभिन्न हितधारकों से चर्चा कर ऐसा समाधान निकालने का प्रयास करेगी, जो बैंक कर्मचारियों, अधिकारियों और विशेष रूप से ग्राहकों के लिए स्वीकार्य हो।

इसे भी पढ़ें:  कारगिल विजय दिवस 2025: वीरों के शौर्य को नमन, मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान की अमर कहानी

पीएलआई योजना में बदलाव पर भी होगी चर्चा

वार्ता में स्केल-चार और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना यानी परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) पर भी चर्चा हुई। बैंक यूनियनों और अधिकारी संगठनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए योजना में आवश्यक बदलाव का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखे जाने पर विचार किया जा सकता है।

आईबीए से मिले इन आश्वासनों के बाद यूएफबीयू ने प्रस्तावित आंदोलन और 28, 29 तथा 30 सितंबर की हड़ताल स्थगित करने पर सहमति जताई। हालांकि, पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने सहित मांगों पर अंतिम निर्णय उच्चस्तरीय समिति की चर्चा और सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा।

इसे भी पढ़ें:  कांग्रेस के छह बागी विधायक अयोग्य घोषित, स्पीकर ने की बड़ी कार्रवाई

ग्राहकों के सामान्य कामकाज पर नहीं पड़ेगा असर

हड़ताल स्थगित होने से सोमवार से बैंक शाखाओं में नकद जमा-निकासी, चेक जमा करने, पासबुक अपडेट कराने और अन्य सामान्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। ग्राहकों को अब तीन दिवसीय हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका नहीं है।

Share This Article