पुलिस ने जारी किया फोटो, शव का पंचनामा भरवाकर मोर्चरी पर रखवाया, शिनाख्त के प्रयास जारी
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी-लक्सर हाईवे पर बढ़ीवाला गांव के निकट देर रात हुए सड़क हादसे में एक अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार हादसा पुरकाजी थाना क्षेत्र के बढ़ीवाला गांव के पास हुआ। देर रात एक युवक पैदल हाईवे से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज, मोबाइल फोन या अन्य सामग्री नहीं मिली, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। आसपास के लोगों और स्थानीय ग्रामीणों को बुलाकर पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यदि 72 घंटे के भीतर मृतक की पहचान नहीं हो पाती है, तो नियमानुसार पंचनामा भरने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। साथ ही हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
