मोमबत्ती बांटने पर खूनी संघर्ष, जमकर चले चाकू, बल्लम और लात-घूसे

धारदार हथियारों से एक दूसरे पर किया हमला, पांच लोग गंभीर घायल, मेरठ रेफर

मुजफ्फरनगर। दीपावली की खुशियों के बीच फुगाना गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मोमबत्ती बांटने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और बात खूनी संघर्ष तक जा पहुंची। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चाकू, बालम और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे कम से कम पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के अस्पताल में रेफर किया गया है।
फुगाना गांव के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीपावली की शाम को गांव में एक पक्ष द्वारा बच्चों और महिलाओं में मोमबत्तियां बांटी जा रही थीं। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने वितरण के तरीके पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस छिड़ गई। बहस के बाद आमने सामने आये दोनों पक्षों के लोगों के बीच कुछ ही देर में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडों के साथ-साथ धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल होने लगा। गांववालों के अनुसार, झगड़ा अचानक इतना बढ़ गया कि किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। हमलावरों ने चाकू, बल्लम और अन्य धारदार हथियारों का प्रयोग किया। हमले में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही फुगाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायल व्यक्तियों को तत्काल पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेरठ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फुगाना थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन माहौल तनावपूर्ण है। दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है और जांच जारी है। हिंसा के बाद गांव में दहशत का माहौल है। दीपावली की खुशियां देखते ही देखते तनाव और चीख-पुकार में बदल गईं। गांव में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, घायल व्यक्तियों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह हमला योजनाबद्ध तरीके से किया गया था। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें:  पुलिस पर भारी पड़ रहे युवाओं को विदेश में नौकरियां दिलाने के नाम पर ठगने वाले कबूतरबाज
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *