प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि यह बच्चों में अनुशासन और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं
मुजफ्फरनगर। एम.जी. पब्लिक स्कूल के प्राइमरी विंग में बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलों की अहम भूमिका को साकार करते हुए सोमवार को वार्षिक खेल-कूद दिवस का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी गतिविधियों, रोमांचक प्रतियोगिताओं और बच्चों की मुस्कान से पूरा विद्यालय परिसर उल्लास, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। नन्हें बच्चों ने इस प्रतिस्पर्धा में खेल भावना के साथ ही जोश और अनुशासन का प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया।

एम.जी. पब्लिक स्कूल के प्राइमरी विंग में स्टूडेंट्स के लिए वार्षिक खेल-कूद दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग द्वारा मशाल प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर नन्हें-मुन्ने विद्यार्थियों ने अनुशासित कदमताल के साथ आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी शिक्षकों का मन मोह लिया।

इसके पश्चात विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शानदार ड्रिल, मनोरंजक हुला हूप गतिविधियां तथा मंकी बनाना रेस, रोप रेस, लेमन स्पून, ग्लास बैलेंस, पुल द रिंग, थ्री लेग रेस और हर्डल रेस जैसी रोमांचक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। इन सभी खेलों में बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास, उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

नर्सरी और केजी कक्षाओं के नन्हे प्रतिभागियों ने जैली फिश रेस, हुला हूप, बॉल पिक एंड ड्रॉप, रैबिट एंड कैरट रेस जैसी गतिविधियों में बेहतरीन तालमेल और जोश का प्रदर्शन किया। बच्चों की मासूम मुस्कान और अभिभावकों की तालियों ने इस दिन को वास्तव में यादगार बना दिया।

वार्षिक खेल प्रतिस्पर्धा के अंत में ओवरऑल चैंपियन की ट्रॉफी नानक हाउस के विद्यार्थियों ने अपने नाम की। टैगोर हाउस के खिलाड़ी रनरअप रहे, जबकि रामा और कृष्णा हाउस के खिलाड़ियों को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग द्वारा मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि यह बच्चों में अनुशासन, टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ऐसे आयोजनों के माध्यम से एम.जी. पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी बच्चों को उत्कृष्ट मंच प्रदान कर रहा है। खेल दिवस के आयोजन में प्राइमरी विंग के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं और अन्य स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।






