मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं में कई घायल, हमलावरों पर मुकदमा

मल्हूपुरा में नमाज के लिए जाते समय पिता-पुत्र पर हमला, जडौदा के युवकों को मेले में लाठी-डंडों से पीटा

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं में कई लोग घायल हो गए। एक घटना सिविल लाइन क्षेत्र के मल्हूपुरा मोहल्ले में हुई, जहां नमाज के लिए जा रहे पिता-पुत्र पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। दूसरी घटना मंसूरपुर थाना क्षेत्र के लच्छेड़ा गांव में लगे मेले में हुई, जहां मोटरसाइकिल लेने पहुंचे दो युवकों को लाठी-डंडों से पीट दिया गया। दोनों मामलों में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने हमलावरों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-शहर के बाद अब गांव में नाबालिग किशोरी से गैंगरेप, एसएसपी गंभीर

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मोहल्ला मल्हूपुरा निवासी यूसुफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 6 मार्च 2026 को वह अपने पिता शाकिर और भाई इकराम के साथ मस्जिद में नमाज पढ़ने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में सलमान, सुहेल, आरिश, आदिल, शाहरुख, जूली और आमिर निवासीगण मल्हूपुरा ने एक राय होकर उनके पिता और भाई पर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में शाकिर और इकराम को गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। आरोप है कि हमलावर गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

इसे भी पढ़ें:  मुज़फ्फरनगर से चयनित 24 आपदा मित्र 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण के लिए लखनऊ रवाना

दूसरी घटना मंसूरपुर थाना क्षेत्र से सामने आई है। जडौदा निवासी अनिकेत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 5 मार्च 2026 की शाम करीब पांच बजे उसका छोटा भाई अंकित अपने साथी अतुल के साथ मोटरसाइकिल से लच्छेड़ा गांव में लगे घाट मेले में गया था। मेले में अंकित ने अपनी मोटरसाइकिल एक परिचित के पास खड़ी कर दी और दोनों मेला देखने लगे। मेला देखने के बाद जब अंकित और अतुल मोटरसाइकिल लेने पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि आयुष, डा. नितिश, जुगल और कमल निवासी लच्छेड़ा ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से दोनों युवकों को पीटना शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर जडौदा गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने अंकित और अतुल का मेडिकल कराने के बाद मंसूरपुर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस दोनों मामलों में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुट गई है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर: जागाहेड़ी टोल पर हंगामा, 18 नामजद समेत 40 पर FIR
Share This Article