7.46 लाख रुपये लेकर मकान बेचने के बाद कब्जा देकर भी दूसरे व्यक्ति के नाम करा दिया बैनामा, विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की दी धमकी
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में मकान की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मकान का बैनामा कर रकम लेने और कब्जा देने के बाद उसी संपत्ति को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दूसरे व्यक्ति के नाम कर दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी के आदेश से मंसूरपुर थाने में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामला ग्राम घासीपुरा मजरा हुसैनपुर बोपाड़ा, तहसील खतौली का है। मेरठ जिले के ग्राम बपरसा निवासी आरती पत्नी विकास ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी तहरीर में बताया कि उनके पति विकास ने उनके नाम 60 वर्ग गज का एक आवासीय मकान 19 अगस्त 2025 को विकास कुमार पुत्र चंद्रपाल निवासी घासीपुरा से 7 लाख 46 हजार रुपये में खरीदा था। यह बैनामा उप निबंधक कार्यालय खतौली में विधिवत पंजीकृत कराया गया था। आरोप है कि बैनामा होने के बाद मकान का कब्जा भी उन्हें दे दिया गया और उनके पति ने मकान पर ताला लगा दिया। लेकिन 30 अगस्त 2025 को रिश्तेदारी के माध्यम से जानकारी मिली कि विक्रेता विकास कुमार ने उसी मकान का दोबारा बैनामा तेजवीर सिंह पुत्र चंद्रसैन निवासी हुसैनपुर बोपाड़ा के नाम कर दिया है।
इसकी जानकारी मिलने पर पीड़िता के पति और उनके ससुर ने विकास कुमार से संपर्क करने की कोशिश की। पता चला कि वह मेरठ जिले के थाना इंचौली क्षेत्र के ग्राम सैनी में अपनी बहन के यहां रह रहा है। 30 अगस्त की शाम पीड़िता के पति और ससुर जब उससे बात करने पहुंचे तो वहां विकास कुमार के साथ उसकी बहन जोगिता, रामा और जीजा देवी सिंह मौजूद थे। पीड़िता के अनुसार जब उनके पति और ससुर ने दोबारा बैनामा करने को लेकर सवाल किया तो विकास कुमार ने बताया कि उसने तेजवीर सिंह से ब्याज पर पैसा लिया था और कर्ज चुकाने के लिए मकान उसके नाम कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और दोबारा आने या पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता का कहना है कि इस संबंध में 4 सितंबर 2025 को जिलाधिकारी और मंसूरपुर थाने में भी शिकायत दी गई थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब तेजवीर सिंह कथित फर्जी बैनामे के आधार पर मकान पर कब्जा करने और उसे बेचने की धमकी दे रहा है। एसएसपी के निर्देश पर मंसूरपुर थाने में पांच आरोपियों विकास कुमार, उसकी बहनों जोगिता, रामा, जीजा देवी सिंह और तेजवीर के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।






