भतीजी की ससुराल गया परिवार, सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना

ताला तोड़कर लाखों के जेवरात, नकदी और करीब एक किलो चांदी चोरी, पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरनगर। शाहपुर क्षेत्र के एक गांव में चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोर घर की अलमारियों से लाखों रुपये कीमत के जेवर, चांदी और नकदी लेकर फरार हो गये। परिवार के घर लौटने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है।

थाना शाहपुर क्षेत्र स्थित ग्राम पलड़ी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक परिवार के सूने घर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई। परिवार भतीजी की शादी के बाद उसकी ससुराल गया हुआ था, इसी दौरान अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर घर में घुसकर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित सलमान पुत्र मौबीन के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को उसकी भतीजी नरगिश का निकाह मेरठ जनपद के अकबरपुर निवासी कुर्बान के साथ हुआ था। 5 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे वह अपने परिवार के साथ भतीजी को लेने के लिए उसकी ससुराल गया था। घर पूरी तरह खाली था और कोई नहीं होने के कारण ताला लगा हुआ था।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में घमासानः किसान यूनियन के खिलाफ सड़क पर उतरे आरडीएफ सप्लायर

शाम करीब साढ़े नौ बजे जब सलमान अपनी पत्नी के साथ वापस घर पहुंचा, तो मुख्य गेट और कमरे के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा तो सेफ और अलमारी के लॉक भी तोड़े जा चुके थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी में रखे सोने के जेवरात, जिनमें गले का सेट, दो अंगूठियां, कानों के झुमके, नथ, टीका, पेंडेंट और बच्चों के ताबीज शामिल हैं, के अलावा करीब एक किलो चांदी और 1 लाख 77 हजार 850 रुपये नकद चोरी कर ले गए।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-पुलिस ने साम्प्रदायिक झगड़े में वांछित चार अभियुक्तों को दबोचा

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिसकर्मियों ने सलमान के घर पर जाकर मौका मुआयना किया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना शाहपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें:  अभागी मुस्कान-पहले पति ने दी तलाक, दूसरे के दर पर मिली अनचाही मौत...
Share This Article