मुजफ्फरनगर में जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने दिवंगत भाजपा नेता बिजेन्द्र पाल की पत्नी और परिजनों से की मुलाकात
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत भाजपा नेता बिजेन्द्र पाल के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान परिवार की समस्याएं सुनीं और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। नुमाइश मैदान में सोमवार को आयोजित रोजगार मेला और जनसभा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां पर बनाये गये वीआईपी पंडाल में पहुंचकर दिवंगत भाजपा नेता बिजेन्द्र पाल के परिवार से मुलाकात की। यह मुलाकात उनके भाषण के तुरंत बाद हुई, जिसमें उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार की ओर से सहयोग का भरोसा दिया।

भाजपा में जिला महामंत्री और उपाध्यक्ष के साथ ही अनेक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले पूर्व सभासद बिजेन्द्र पाल का निधन 7 अप्रैल को गंभीर बीमारी के चलते हो गया था। उनके निधन के बाद 8 अप्रैल को उनका अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। वे दो बार नगरपालिका से सभासद निर्वाचित रहे थे। वर्तमान में उनकी पत्नी कुसुमलता पाल वार्ड 40 से भाजपा की सभासद हैं और लगातार तीन बार चुनाव जीत चुकी हैं। मुख्यमंत्री का प्रारंभिक कार्यक्रम केवलपुरी स्थित उनके आवास पर जाने का था, जिसके चलते नगरपालिका द्वारा अहिल्याबाई होल्कर स्मारक से लेकर उनके घर तक सड़क निर्माण कार्य भी शुरू कराया गया था। हालांकि, बाद में कार्यक्रम में बदलाव कर दिया गया और अंततः नुमाइश मैदान के वीआईपी लान्ज में ही मुलाकात तय की गई।

भाजपा केशव मंडल के अध्यक्ष नन्द किशोर पाल को परिवार को वीआईपी पंडाल तक ले जाने और मुलाकात कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जनसभा के समापन के बाद मुख्यमंत्री सीधे वीआईपी लान्ज पहुंचे, जहां उन्होंने बिजेन्द्र पाल की पत्नी कुसुमलता पाल, उनके पुत्र सुमित, विजय और नितिन, भाई ब्रजपाल पाल तथा चचेरे भाई रविन्द्र पाल से मुलाकात की। नन्द किशोर के अनुसार इस दौरान राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी भी मौजूद रहे। परिवार के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगें रखीं, जिन्हें उन्होंने गंभीरता से सुना। मुख्यमंत्री ने मंत्री कपिल देव अग्रवाल को निर्देश दिए कि वे परिवार का पूरा विवरण तैयार कर उन्हें उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव मदद दी जाएगी।
मुलाकात के दौरान परिजनों ने बिजेन्द्र पाल का फोटो भी मुख्यमंत्री को दिखाया। फोटो देखकर मुख्यमंत्री ने बताया कि वे उनसे पहले मिल चुके हैं और उन्हें भली-भांति पहचानते हैं। उन्होंने वह फोटो अपने साथ भी ले लिया। कुसुमलता पाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उन्होंने समय निकालकर परिवार से मुलाकात की, जो उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा व्यक्त की गई संवेदनाएं और उनके पति के प्रति सम्मानजनक शब्द सदैव स्मरणीय रहेंगे।

इससे पूर्व सोमवार को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया, केंद्रीय पशुपालन मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और गौरव स्वरूप भी परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त कर चुके हैं। वहीं आज मंगलवार को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री एमएलसी भूपेन्द्र चौधरी भी केवलपुरी स्थित आवास पर पहुंचे और बिजेन्द्र पाल के शोकाकुल परिवार से भेंट कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने कहा कि इस दुखद समय में उनकी पूरी सहानुभूति परिवार के साथ है। इस दौरान उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, पूर्व विधायक उमेश मलिक, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, सुधीर खटीक, सभासद रविकांत काका सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।




