आग से हड़कम्प, कन्फैक्शनरी और टायर फैक्ट्री में लाखों का नुकसान

सिविल लाइन क्षेत्र में क्लासिक कन्फैक्शनरी की दुकान और नई मंडी में फैक्ट्री में लगी आग, दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में एक ही रात और सुबह के बीच दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आग की घटनाओं ने अफरा-तफरी मचा दी। सिविल लाइन क्षेत्र में कन्फैक्शनरी की दुकान और नई मंडी क्षेत्र में टायर फैक्ट्री में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ। दोनों घटनाओं में दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

इसे भी पढ़ें:  1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था में कुशल युवाओं की भूमिका अहमः कपिल देव

आग की दो अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली घटना थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मदीना चौक की है, जहां क्लासिक कन्फैक्शनरी नामक दुकान में सुबह के समय अचानक आग लग गई। आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखा तो तुरंत दुकान मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान के अंदर आग भड़क चुकी थी और ड्राई फ्रूट्स सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल के भारतीय भाषा समर कैंप में दिखा सांस्कृतिक संगम

दूसरी घटना देर रात थाना नई मंडी क्षेत्र के जानसठ रोड स्थित विनायक टायर फैक्ट्री में हुई। फैक्ट्री के बॉयलर में आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे कर्मचारियों में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बचाव हुआ, हालांकि लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। दमकल विभाग के अनुसार, दोनों घटनाओं में समय पर कार्रवाई के चलते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। प्रारंभिक तौर पर दोनों स्थानों पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं ने शहर में सुरक्षा और अग्नि प्रबंधन व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में श्री बालाजी शोभायात्रा मार्ग पर हुड़दंग, 2 युवक पुलिस हिरासत में
Share This Article