मुजफ्फरनगर-तीन दिन बाद गंग नहर से मिला होमगार्ड आनंद का शव

बुधवार को भोपा गंग नहर पुल से लगाई थी छलांग, नगला बुजुर्ग के पास बरामद हुआ शव; पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा

मुजफ्फरनगर। भोपा क्षेत्र में तीन दिन पूर्व गंग नहर में कूदे होमगार्ड आनंद का शव शुक्रवार को नगला बुजुर्ग गंग नहर से बरामद हो गया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से होमगार्ड के शव को बरामद करने के लिए लगातार चलाए जा रहे तलाश अभियान भी इसके साथ ही पूरा हो जाने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।

इसे भी पढ़ें:  आईएमए की नई कार्यकारिणी गठित, डॉ. सुनील चौधरी अध्यक्ष, डॉ. मनोज काबरा सचिव बने

भोपा पुलिस के अनुसार बुधवार दोपहर भोपा गंग नहर पुल से छलांग लगाने वाले होमगार्ड आनंद का शव शुक्रवार को नगला बुजुर्ग के निकट गंग नहर से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना क्षेत्र में फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार रामपुर चौराहा निवासी 55 वर्षीय आनंद होमगार्ड विभाग में तैनात थे और वर्तमान में मुजफ्फरनगर शहर में ट्रैफिक ड्यूटी का दायित्व संभाल रहे थे। बुधवार दोपहर उन्होंने भोपा गंग नहर पुल से अचानक छलांग लगा दी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आनंद उस समय वर्दी पहने हुए थे। नहर में कूदने के कुछ ही क्षण बाद वह तेज बहाव में ओझल हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुल के निकट से बरामद मोबाइल फोन और बाइक के आधार पर उनकी पहचान की गई थी। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय लोगों की सहायता से लगातार उनकी तलाश की जा रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी।

इसे भी पढ़ें:  ‘राजा शिवाजी’ फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को नगला बुजुर्ग क्षेत्र के पास नहर में एक शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। परिजनों ने शव की पहचान आनंद के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आनंद अपने व्यवहार, मान-सम्मान और कर्तव्यनिष्ठा के लिए विभाग तथा क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। साथी कर्मचारियों और परिचितों ने उन्हें ड्यूटी के प्रति समर्पित एवं मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति बताया। उनके निधन से होमगार्ड विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर के दरोगा की अलीगढ़ हादसे में मौत, परिवार में कोहराम
Share This Article