पचेंडा के रॉयल परिवार में जश्न, चौधरी रघुवीर सिंह रॉयल ने पूरा किया शतक

100वें जन्मदिवस पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान और पूर्व सांसद कादिर राना समेत सैकड़ों लोगों ने आवास पर पहुंचकर दी बधाई

मुजफ्फरनगर। पचेंडा गांव के प्रतिष्ठित रॉयल परिवार के मुखिया चौधरी रघुवीर सिंह रॉयल ने जीवन के 100 वर्ष पूरे कर लिए। उनके 100वें जन्मदिन के अवसर पर गांधी कॉलोनी स्थित आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनका आशीर्वाद लिया। इस विशेष अवसर पर परिवार में उत्साह का माहौल रहा और सैकड़ों लोगों ने चौधरी रघुवीर सिंह के स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।

इसे भी पढ़ें:  विवादित बयान पर हिन्दू सुरक्षा सेवा संघ ने फूंका स्वामी प्रसाद मौर्य का पुतला

रविवार को गांधी कॉलोनी, पचेंडा रोड स्थित आवास पर आयोजित इस जन्मदिन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान और पूर्व सांसद एवं सपा नेता कादिर राना सहित अनेक गणमान्य लोग पहुंचे। सभी ने चौधरी रघुवीर सिंह रॉयल को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

जन्मदिन के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री तथा पुरकाजी से रालोद विधायक अनिल कुमार ने चौधरी रघुवीर सिंह को शुभकामनाएं दीं। नगर विधायक एवं व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने भी उनके आवास पर पहुंचकर बधाई दी। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान और पूर्व सांसद कादिर राना ने भी चौधरी रघुवीर सिंह से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। सभासद राहुल पंवार समेत अन्य लोगों ने भी इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। दिनभर शुभचिंतकों और परिचितों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-घर से मंदिर और गौशाला तक गोवर्धन की गूंज

अनिल रॉयल के आवास पर जुटे शुभचिंतक

दैनिक रॉयल बुलेटिन समाचार पत्र के संपादक अनिल रॉयल के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों ने अतिथियों का आत्मीयता के साथ स्वागत किया। कमलेश सिंह, अशोक रॉयल, प्रदीप रॉयल, अनिल रॉयल और कुसुम सिंह ने आगंतुकों का अभिनंदन किया तथा परिवार की ओर से सभी का आभार व्यक्त किया।

इसे भी पढ़ें:  पुलिस की तत्परता से अग्निवीर अभ्यर्थी को मिला खोया बैग

चौधरी रघुवीर सिंह रॉयल मूल रूप से मुजफ्फरनगर के गांव पचेंडा के निवासी हैं। वर्तमान में वह गांधी कॉलोनी, पचेंडा रोड स्थित आवास पर रह रहे हैं। उनके 100वें जन्मदिन पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने उनके सामाजिक जुड़ाव और परिवार के प्रति लोगों के स्नेह को दर्शाया। इस अवसर पर सभी ने उनके स्वस्थ, प्रसन्न और मंगलमय जीवन की कामना की।

Share This Article