नगरपालिका ठेके में वसूली को लेकर मजदूरों से ठेकेदार की गुंडागर्दी

रेहडी ठेला चालक से ठेकेदार के कर्मचारी ने निर्धारित शुल्क से पांच गुना रकम मांगी, विरोध पर डरा-धमकाया, पीड़ित व्यक्ति ने ईओ से लगाई गुहार, शिकायत के बाद निःशुल्क लाइसेंस देने पहुंचा ठेकेदार का कर्मचारी

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद के रेहड़ा पटरी मद में छोड़े गए लाइसेंस शुल्क वसूली के ठेके के नाम पर रेहडी ठेला लगाने और हाथ रेहड़ा चलाने वाले मजदूरों से कथित तौर पर निर्धारित शुल्क से करीब पांच गुना रकम वसूलने और विरोध करने पर ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा गुंडागर्दी करने का मामला सामने आया है। इनसे पीड़ित एक रेहड़ी ठेला चालक ने ठेकेदार के कर्मचारियों पर डराने-धमकाने और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) से शिकायत की है। मामले को लेकर ईओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित पटल से रिपोर्ट मांगी है।

इसे भी पढ़ें:  लव जेहादः महिला का धर्मांतरण कराने की तैयारी के आरोप में युवक पकड़ा

गांव खेडीविरान निवासी देवेन्द्र कुमार ने शनिवार को टाउनहाल पहुंचकर ईओ पवन कुमार से मुलाकात की। देवेन्द्र ने लिखित शिकायत देते हुए बताया कि वो शहर के सब्जी मण्डी स्थल पर रेहडी लगाकर अपने परिवार की आजीविका कमाने के लिए मजदूरी करता है। वहां पर एक व्यक्ति जिसका नाम राशिद है और जो नगरपालिका के ठेकेदार किशोर कुमार शर्मा का कर्मचारी बताता है, के द्वारा अवैध वसूली की जा रही है। रेहडी ठेला और हाथ रेहडा वालों के साथ खुलेआम गुंडागर्दी करता है। गाली-गलौच और मारपीट भी की जाती है और धमकियां देता है। राशिद दबंगता दिखाते हुए लाइसेंस शुल्क की प्लेट रेहडी, ठेला और हाथ रेहड़ा पर लगाने के नाम पर 480 से 500 रुपये तक वसूल कर रहा है। उसको जो पैसा नहीं देता उसके साथ अभद्रता की जाती है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-शिव चौक पर डाक कांवड़ियों से लाठी-डंडे और फरसे जब्त

पीड़ित रेहड़ी चालक का आरोप है कि पालिका के ठेके के नाम पर उससे भी निर्धारित रकम से करीब पांच गुना अधिक पैसे मांगे जा रहे थे। विरोध करने पर ठेकेदार के कर्मचारियों ने कथित तौर पर उसके साथ अभद्रता की और डराया-धमकाया। मजदूरी कर परिवार चलाने वाले रेहड़ी चालकों से इस तरह की वसूली को लेकर पीड़ित देवेन्द्र ने ईओ से कार्यवाही की मांग की। नगरपालिका में शिकायत पहुंचने के बाद ठेकेदार का एक कर्मचारी पंकज झा टाउनहाल पहुंचा और पीड़ित रेहड़ी चालक देवेन्द्र को निःशुल्क लाइसेंस पट्टिका उपलब्ध कराई। कर्मचारी ने बताया कि अभद्रता करने के आरोपी कर्मचारी राशिद को काम से हटा दिया गया है। वहीं, ठेकेदार ने अवैध वसूली के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि इसके समर्थन में कोई साक्ष्य नहीं है।

इसे भी पढ़ें:  कूकड़ा चौकी पर हंगामाः युवक को हिरासत में लेने पर भड़के परिजन

मामले में अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने नाराजगी जताते हुए कार्यवाहक कर अधीक्षक पारूल यादव से मामले में रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति जोकि रेहडी ठेला लगाता है, ने शिकायत की है कि रेहडी पटरी लाइसेंस शुल्क के नाम पर ठेकेदार के कर्मचारी अवैध रूप से वसूली कर रहे हैं। लाइसेंस शुल्क 100 रुपये पालिका से तय है, जबकि पांच गुना तक वसूली का आरोप है, मामले में जांच कराई जा रही है। ठेकेदार को भी तात्कालिक स्तर पर चेतावनी जारी की गई है।

Share This Article