पिछड़ों को सम्मान से मजबूत होगा समाजः अनिल कुमार

सिवालखास में रालोद के सामाजिक समरसता एवं अति पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में बोले कैबिनेट मंत्री, किसानों-मजदूरों और वंचितों के हितों की पैरवी का किया उल्लेख

मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल की ओर से रविवार को मेरठ की सिवालखास विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक समरसता एवं अति पिछड़ा वर्ग सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री अनिल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सामाजिक एकजुटता को समय की जरूरत बताते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, समान अवसर और विकास में भागीदारी मिलना जरूरी है। सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी वर्गों को साथ लेकर चलने से ही समावेशी विकास का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें:  रूस का AN‑24 विमान अचानक रडार से गायब, 50 सवारों के लिए चले खोज अभियान

मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल चौधरी चरण सिंह की विचारधारा से प्रेरणा लेकर किसानों, मजदूरों और समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाता रहा है। पार्टी का प्रयास है कि दलितों, शोषितों और अति पिछड़े वर्गों को समाज में उचित सम्मान मिले तथा उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए समान अवसर उपलब्ध हों।

अनिल कुमार ने अपने संबोधन में सामाजिक न्याय को पार्टी की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचना चाहिए। सामाजिक समरसता केवल विचारों तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी और सम्मान में दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने आपसी भाईचारे और एकजुटता को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय रालोद का संकल्प है, सामाजिक समरसता उसकी पहचान है और सर्वसमाज का सम्मान उसका लक्ष्य है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की भावना से ही एक बेहतर और मजबूत सामाजिक व्यवस्था तैयार की जा सकती है।

इसे भी पढ़ें:  सूर्या हत्याकांड के बाद खोड़ा में सख्ती, 3 अवैध मदरसे सील

सम्मेलन का आयोजन रालोद के वरिष्ठ नेता सुनील रोहटा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संतराम प्रजापति ने की, जबकि गौरव चौधरी ने संचालन किया। सम्मेलन में पार्टी की विचारधारा, सामाजिक समानता और अति पिछड़े वर्गों की भागीदारी जैसे विषय प्रमुखता से उठाए गए। कार्यक्रम में रालोद के पश्चिमी प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक, मंडल अध्यक्ष इंद्रवीर भाटी, पूर्व एमएलसी हरपाल सैनी, एससी-एसटी आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी, संगीता दोहरे, प्रदेश महासचिव सुशील कुमार हरित, जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज और दीपक कुमार समेत पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में भीषण गर्मी के चलते बदला स्कूलों का समय
Share This Article