ताजपुर गांव में मचा हड़कंप, परिजनों ने भाई के ससुराल वालों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र स्थित ताजपुर गांव में एक युवक का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक सोमवार सुबह से लापता था। प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने मामले में भाई के ससुराल पक्ष पर मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
छपार थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर एक खेत में 25 वर्षीय संदीप कुमार पुत्र बिजेन्द्र सिंह का शव पड़ा मिला। संदीप सोमवार सुबह घर से निकला था और देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका था। मंगलवार सुबह ग्रामीणों की नजर खेत में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक की पहचान संदीप कुमार के रूप में हुई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद छपार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में युवक की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद परिजनों ने संदीप की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवक को उसके भाई के ससुराल पक्ष के लोग लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि इसी उत्पीड़न और मानसिक दबाव के चलते संदीप ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मोहित सहरावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से दी जाने वाली तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।






