भट्ठा स्वामी के आने तक शव नहीं उठने दिया, घंटों बाद बनी सहमति, 15 लाख मुआवजा और सरकारी योजनाओं का पीड़ित परिवार को मिलेगा लाभ
मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम दधेडू स्थित सैद नगला मार्ग पर सूर्य ईंट भट्ठे पर दर्दनाक हादसा हुआ। भट्ठे पर काम कर रहे ग्राम मुथरा निवासी 42 वर्षीय बबलू उर्फ अजय कश्यप की ईंटों के ढेर के नीचे दबने से मौत हो गई। हादसे के बाद भट्ठे पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहंुचे, परिजन भी वहां आ गये। ग्रामीणों और परिजनों ने भारी हगामा किया। शव को रखकर धरना शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। मृतक के परिजन मुआवजे की मांग को लेकर भट्ठे पर डटे रहे। भट्ठा मालिक के आने तक शव को उठने नहीं दिया गया। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
चरथावल थाना क्षेत्र में आंधी और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सैद नंगला मार्ग स्थित एक ईंट भट्ठे की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे भट्ठे पर मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। अचानक भट्ठे की एक दीवार गिर गई और वहां काम कर रहे अजय कश्यप मलबे के नीचे दब गए। साथ में काम कर रहे मजदूरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर उन्हें मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतक अजय कश्यप मुथरा गांव के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि अजय परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे और उनकी मौत से परिवार गहरे संकट में आ गया है। हादसे के बाद परिजनों ने मौके पर हंगामा करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि जब तक भट्ठा स्वामी मौके पर नहीं पहुंचेंगे और उचित कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। पुलिस ने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उधर भाकियू नेता विकास शर्मा भी ग्रामीणों के साथ धरने पर पहुंचे और अधिकारियों से पीउि़त परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग की। विकास शर्मा ने बताया कि चरथावल क्षेत्र के मथुरा निवासी बबलू उर्फ अजय कश्यप की ईंट-भट्टे पर हुई मृत्यु के मामले में चल रहा धरना-प्रदर्शन प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया तहसीलदार राधेश्याम गौड़ एवं नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने मौके पर पहुंचकर परिजनों एवं किसान यूनियन पदाधिकारियों से वार्ता की। प्रशासन की ओर से मृतक परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया। समझौते के अनुसार ईंट-भट्टा मालिक द्वारा 10 लाख तथा जिला प्रशासन की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। साथ ही मृतक के बच्चों को 18 वर्ष की आयु तक 4-4 हजार प्रतिमाह पेंशन, अंत्योदय राशन कार्ड एवं विधवा पेंशन योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया। प्रशासन के आश्वासन एवं मांगों पर सहमति बनने के बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया तथा शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। इस दौरान चरथावल कोतवाली पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।






