मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सैकड़ों सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मुजफ्फरनगर शहर में जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल को सौंपा। कर्मचारियों ने मांगें पूरी न होने पर तीन माह बाद मुजफ्फरनगर और सहारनपुर मंडल में सफाई कार्य का बहिष्कार करने की चेतावनी भी दी।
संघ के प्रदेश महामंत्री एवं जिला प्रभारी सुधीर वाल्मीकी ने कहा कि वर्ष 2006 से स्थानीय निकायों में कार्यरत लगभग 65 हजार संविदा सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारियों को आज भी स्थायी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिल पाया है, जिससे उनके भविष्य पर अनिश्चितता बनी हुई है। इसके साथ ही सेवा के दौरान मृतक हुए संविदा कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्ति देकर नियमित किए जाने की भी मांग उठाई गई। ज्ञापन में प्रयागराज महाकुंभ के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा सफाई कर्मचारियों के लिए घोषित वेतन संबंधी लाभों को प्रदेश के सभी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों पर लागू करने की मांग की गई। इसके अलावा अप्रैल 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग दोहराई गई।
संघ का कहना है कि शासनादेश के अनुसार विज्ञापन प्रक्रिया से नियुक्त संविदा कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ दिया जा रहा है, इसलिए स्थानीय निकायों में पारदर्शी प्रक्रिया से नियुक्त संविदा सफाई कर्मचारियों को भी यही सुविधा मिलनी चाहिए। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार तीन माह के भीतर कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो मुजफ्फरनगर एवं सहारनपुर मंडल के सफाई कर्मचारी सामूहिक रूप से सफाई कार्य का बहिष्कार करेंगे और आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी असुविधा की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन के माध्यम से स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल से अनुरोध किया गया कि मुजफ्फरनगर जिले के कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से शीघ्र मुलाकात कराई जाए, ताकि वार्ता के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकाला जा सके।प्रदर्शन को एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष मौलाना इमरान कासमी तथा भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के जिला अध्यक्ष ठाकुर नीरज सिंह ने भी समर्थन दिया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री एवं जिला प्रभारी सुधीर वाल्मीकी, जिला महामंत्री सचिन चड्डा, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कमल घावरी, राधे प्रणामी, सैयद मुमताज अली, फिरोज गांधी, अमरीश कौशिक सहित सैकड़ों सफाई कर्मचारी और समर्थक मौजूद रहें।
