खतौली। नगर में दिन निकलते ही उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे क्वार्टर के बाहर करीब 55 वर्षीय एक महिला बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। सूचना पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसके पास से कोई आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र नहीं मिला। बताया गया कि महिला के चेहरे पर चोट के निशान भी थे। काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश चंद्र बघेल के निर्देश पर भूड़ चैकी पर तैनात सिपाही अजीत सिंह और रिंकू दीवान मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने 108 एंबुलेंस की मदद से महिला को खतौली सीएचसी में भर्ती कराया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि महिला को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ मारपीट की गई और घायल अवस्था में रेलवे क्वार्टर के बाहर छोड़ दिया गया। पुलिस महिला की पहचान कराने के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
