दो दिन पहले शराब पार्टी के दौरान की थी अंकित की पीट-पीटकर की थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। बुढाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व हुए चर्चित अंकित हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी ब्रह्मसिंह उर्फ ब्रह्मा निवासी कुरथल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त अन्य सामग्री भी बरामद की है।
क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेन्द्र पाल सिंह के अनुसार, बुढाना कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री के नेतृत्व में वांछित अपराधियों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अंकित हत्याकांड का मुख्य आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व अंकित और उसके कुछ साथी एक स्थान पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर अंकित और ब्रह्मसिंह के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर ब्रह्मसिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंकित के साथ मारपीट की। आरोप है कि लाठी-डंडों और लात-घूंसों से की गई बेरहमी से पिटाई में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर बुढाना कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं।
सीओ बुढाना गजेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि अंकित हत्याकांड में मुख्य आरोपी ब्रह्मसिंह को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। जल्द ही पूरे मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने चर्चित हत्याकांड का खुलासा करते हुए मामले के मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है, जिससे मृतक के परिजनों ने राहत की सांस ली है।






