खतौली, नगर के दयालपुरम कॉलोनी में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) द्वारा बिछाई गई पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) लाइन का शनिवार को विधायक मदन भैया ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं के शिलान्यास एवं आधारशिला कार्यक्रमों में भी भाग लिया।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मदन भैया ने कहा कि खतौली विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव और मोहल्ले तक विकास कार्य पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराई जा रही है। विधायक ने कहा कि आईजीएल द्वारा नगर में पीएनजी गैस नेटवर्क का विस्तार तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही पूरे कस्बे को इस सुविधा से जोड़ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पीएनजी सुविधा शुरू होने से लोगों को रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग और आपूर्ति संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी।
उपभोक्ताओं को घरों तक सुरक्षित, सुविधाजनक और निरंतर गैस आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पीएनजी गैस लाइन का लोकार्पण किया गया। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।इस अवसर पर आईजीएल के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






