जैन समाज के संगठनों के 22 प्रतिनिधियों ने नोटिस में बयान को बताया धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला
मुजफ्फरनगर। पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी द्वारा जैन संत सौरभ सागर महाराज के संबंध में कथित रूप से दिए गए बयान पर जैन समाज में गहरा रोष व्याप्त है। मोरपंख से निर्मित पिच्छी को लेकर की गई टिप्पणी को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए जैन समाज के विभिन्न संगठनों के 22 प्रतिनिधियों ने मेनका गांधी को एक करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। नोटिस में 15 दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने तथा बयान वापस लेने की मांग की गई है। जैन समाज का कहना है कि संत सौरभ सागर महाराज समाज में नैतिकता, संयम और सद्भाव का संदेश दे रहे हैं तथा उनके संबंध में की गई टिप्पणी न केवल अनुचित है, बल्कि करोड़ों जैन श्रद्धालुओं की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाती है।
सकल दिगंबर जैन समाज, सकल जैन युवा संगठन एवं श्री णमोकार महामंत्र समिति सहित जैन समाज के प्रमुख 22 प्रतिनिधियों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को एक करोड़ रुपये की मानहानि का विधिक नोटिस भेजा है। यह नोटिस अधिवक्ता निपुण जैन, सिविल बार कंपाउंड, मुजफ्फरनगर के माध्यम से प्रेषित किया गया है। विधिक नोटिस में आरोप लगाया गया है कि मेनका गांधी द्वारा जैन साधु-संतों की पिच्छी (मोरपंख से निर्मित धार्मिक उपकरण) के संबंध में दिए गए कथित बयान से जैन समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। नोटिस में उक्त आरोपों को असत्य, भ्रामक और आधारहीन बताते हुए 15 दिनों के भीतर बयान वापस लेने, सार्वजनिक क्षमा याचना करने तथा भविष्य में ऐसे बयान न देने का लिखित आश्वासन देने की मांग की गई है।
जैन समाज के लोगों ने टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए माफी की मांग के साथ कहा है कि जैन धर्म अहिंसा का सर्वाेच्च संदेश देता है और जैन साधु-संत किसी भी जीव को कष्ट पहुंचाने की कल्पना भी नहीं कर सकते। कहा कि संत सौरभ सागर महाराज समाज में नैतिकता, संयम और सद्भाव का संदेश दे रहे हैं। ऐसे संत के संबंध में तथ्यों की जानकारी के बिना टिप्पणी करना उचित नहीं है। किसी भी धर्म या संत समाज पर टिप्पणी करने से पहले तथ्य जांचने की अपील की।
नोटिस में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित अवधि में मांगें पूरी नहीं होने पर दीवानी एवं आपराधिक कार्रवाई के साथ एक करोड़ रुपये के मानहानि दावे की कार्यवाही की जाएगी। नोटिस देने वालों में प्रदीप जैन, प्रवीण जैन, विवेक जैन, नितिन जैन, पुनीत जैन, विप्लव जैन, आशीष जैन, अमूल कुमार जैन, अनुज कुमार जैन, मुकेश जैन, संजीव जैन, सचिन कुमार जैन, अमित जैन, संजीव कुमार जैन, रोहित जैन, शरद जैन, संजय जैन, प्रियंक जैन और मनीष जैन सहित सकल दिगंबर जैन समाज, सकल जैन युवा संगठन तथा श्री णमोकार महामंत्र समिति के 22 सदस्य शामिल हैं।






