खतौली। भैंस लूट के मामले में वांछित 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी को खतौली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, अलकनंदा नहर पुल के पास चेकिंग के दौरान फुलत रोड स्थित आदर्श जूनियर हाई स्कूल के सामने एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम को देखकर आरोपी नहर पटरी की ओर भागने लगा।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने भागते समय पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके पर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहिद पुत्र आबिद निवासी खिवाई, थाना सरूरपुर, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शाहिद भैंस लूट के मुकदमे में वांछित था और उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और भैंस लूट से संबंधित बताए गए 2,600 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मेरठ जिले के विभिन्न थानों में लूट, हत्या, गैंगस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।






