मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईएएस अधिकारियों की तैनाती बदल दी। इस सूची में मुजफ्फरनगर के अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह भी शामिल हैं, जिन्हें इटावा का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।
संजय कुमार सिंह के स्थान पर मुजफ्फरनगर में नए अपर जिलाधिकारी प्रशासन की तैनाती का नाम इस सूची में सामने नहीं आया है। वह नई जिम्मेदारी के तहत अब इटावा में मुख्य विकास अधिकारी का पद संभालेंगे।
तबादला सूची में आठ महिला आईएएस अधिकारी भी शामिल हैं। इनमें सुधा वर्मा, डॉ. सारिका मोहन, नेहा शर्मा, जे. रीभा, दीपा रंजन, रिया केजरीवाल, रेणु तिवारी और डॉ. वंदना वर्मा के दायित्वों में बदलाव किया गया है।
मुजफ्फरनगर के एडीएम समेत 20 IAS अधिकारियों की ट्रांसफर लिस्ट
| क्रम | अधिकारी का नाम | वर्तमान पद | नई तैनाती |
|---|---|---|---|
| 1 | सुधा वर्मा | सचिव, राजस्व विभाग | श्रमायुक्त, उत्तर प्रदेश |
| 2 | सारिका मोहन | महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव | महानिरीक्षक, निबंधन |
| 3 | नेहा शर्मा | महानिरीक्षक, निबंधन | महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव |
| 4 | अरुण कुमार | अपर निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म | मिशन निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन |
| 5 | जे. रीभा | विशेष सचिव, भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग | अपर निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म का अतिरिक्त प्रभार |
| 6 | दीपा रंजन | मिशन निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन | विशेष सचिव, संस्कृति विभाग |
| 7 | संजय कुमार सिंह-1 | विशेष सचिव एवं निदेशक, संस्कृति विभाग | निदेशक, संस्कृति, उत्तर प्रदेश |
| 8 | विशाल सिंह | विशेष सचिव, संस्कृति विभाग तथा निदेशक सूचना एवं संस्कृति | विशेष सचिव, संस्कृति विभाग; निदेशक संस्कृति के अतिरिक्त प्रभार से अवमुक्त |
| 9 | रिया केजरीवाल | प्रबंध निदेशक, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम | विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग |
| 10 | संदीप भागिया | अपर आयुक्त, राज्य कर, नोएडा | प्रबंध निदेशक, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम |
| 11 | परीक्षित खटाना | मुख्य विकास अधिकारी, आजमगढ़ | अपर आयुक्त, राज्य कर, गौतमबुद्ध नगर |
| 12 | राकेश कुमार पटेल | अपर आयुक्त, लखनऊ मंडल | मुख्य विकास अधिकारी, आजमगढ़ |
| 13 | रेणु तिवारी | विशेष सचिव, महिला कल्याण एवं बाल विकास | सचिव, राज्य महिला आयोग |
| 14 | जग प्रवेश | नगर आयुक्त, मथुरा-वृंदावन | विशेष सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग |
| 15 | ओजस्वी राज | मुख्य विकास अधिकारी, बलिया | नगर आयुक्त, मथुरा-वृंदावन |
| 16 | आलोक कुमार | अपर जिलाधिकारी, नोएडा | मुख्य विकास अधिकारी, बलिया |
| 17 | अजय कुमार गौतम | मुख्य विकास अधिकारी, इटावा | अपर आयुक्त, राज्य कर, गाजियाबाद |
| 18 | संजय कुमार सिंह | अपर जिलाधिकारी प्रशासन, मुजफ्फरनगर | मुख्य विकास अधिकारी, इटावा |
| 19 | मणिकन्दन ए. | आईएएस, प्रतीक्षारत | अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद |
| 20 | डॉ. वंदना वर्मा | संयुक्त प्रबंध निदेशक, राज्य चीनी निगम | विशेष सचिव, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग |
छह महीने में बदली तीन महिला अधिकारियों की जिम्मेदारी
राजस्व विभाग की सचिव सुधा वर्मा को उत्तर प्रदेश का श्रमायुक्त बनाया गया है। महानिदेशक एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा डॉ. सारिका मोहन को महानिरीक्षक निबंधन की जिम्मेदारी मिली है।
महानिरीक्षक निबंधन नेहा शर्मा को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा और सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग बनाया गया है। इन तीनों अधिकारियों को इसी वर्ष जनवरी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई थीं।
इन बदलावों के कारणों को लेकर शासन की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आई है। अलग-अलग विभागों में अधिकारियों के कामकाज और आपसी समन्वय को लेकर शिकायतों की खबरें सामने आती रही थीं।
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम को नया एमडी
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग बनाया गया है। उनके स्थान पर अपर आयुक्त राज्य कर संदीप भागिया को निगम का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
संदीप भागिया पूर्व में मुजफ्फरनगर के मुख्य विकास अधिकारी भी रह चुके हैं। हाल के दिनों में राज्य कर विभाग के कुछ अधिकारियों की ओर से उनके कामकाज को लेकर शिकायत किए जाने की खबरें सामने आई थीं। इन आरोपों पर उनका पक्ष उपलब्ध नहीं है और तबादला आदेश में बदलाव का कोई कारण दर्ज नहीं किया गया है।
संदीप भागिया के स्थान पर आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना को गौतमबुद्ध नगर में अपर आयुक्त राज्य कर नियुक्त किया गया है। लखनऊ मंडल में अपर आयुक्त रहे राकेश कुमार पटेल अब आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी होंगे।
मथुरा-वृंदावन नगर आयुक्त भी बदले
मथुरा-वृंदावन के नगर आयुक्त जग प्रवेश को विशेष सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बनाया गया है। बलिया की मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज को मथुरा-वृंदावन नगर निगम का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
गोण्डा के अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार को बलिया का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। इटावा के मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम को अपर आयुक्त राज्य कर, गाजियाबाद प्रथम की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रतीक्षारत आईएएस अधिकारी मणिकन्दन ए. को राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त बनाया गया है। डॉ. वंदना वर्मा को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
संस्कृति, चिकित्सा शिक्षा, राजस्व, बिजली, राज्य कर, महिला एवं बाल विकास और ग्रामीण आजीविका मिशन समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में किए गए इस बदलाव के बाद अधिकारी नई तैनाती पर कार्यभार संभालेंगे।
