खतौली। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने शनिवार को खतौली ब्लाक क्षेत्र के पांच परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति कम मिली और अधिकांश स्कूलों में बच्चे पूर्ण यूनिफार्म में नहीं पाए गए। वहीं, कई विद्यालयों में लंबे समय से रंगाई-पुताई और पेंटिंग नहीं होने पर बीएसए ने नाराजगी जताई। निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय भैंसी-2 में 90 के सापेक्ष 55, उच्च प्राथमिक विद्यालय पक्का बाग में 197 के सापेक्ष 126, उच्च प्राथमिक विद्यालय कानूनगोयान में 353 के सापेक्ष 182, कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय सठेड़ी रोड में 166 के सापेक्ष 109 और प्राथमिक विद्यालय शेखपुरा में 156 के सापेक्ष 90 बच्चे उपस्थित मिले।
अधिकांश विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार बनता मिला। शौचालय और पेयजल की व्यवस्था भी क्रियाशील पाई गई। बीएसए ने विद्यालयों में बच्चों की शत-प्रतिशत यूनिफार्म में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। पक्का बाग, कानूनगोयान, सठेड़ी रोड और शेखपुरा विद्यालयों में लंबे समय से रंगाई-पुताई व पेंटिंग नहीं होने पर संबंधित प्रधानाध्यापक और प्रभारी शिक्षकों के विरुद्ध पृथक से कार्रवाई किए जाने की बात कही गई। भैंसी-2 विद्यालय के इंचार्ज को भवन की रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान बच्चों से हिंदी और अंग्रेजी की पाठ्य पुस्तकों का वाचन भी कराया गया।
