एंटी करप्शन सहारनपुर मंडल की टीम ने कृषि भूमि की पैमाइश के नाम पर 20 हजार रुपये लेते चकबंदी लेखपाल को गिरफ्तार किया। प्रतीकात्मक तस्वीर।

जमीन की पैमाइश के नाम पर 20 हजार लेते पकड़ा गया लेखपाल, एंटी करप्शन टीम ने बिछाया जाल

मुजफ्फरनगर। कृषि भूमि की पैमाइश कराने के नाम पर किसान से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में चकबंदी लेखपाल परशवीर को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शनिवार दोपहर रोहाना रोड स्थित आरोग्य हॉस्पिटल के पास एक निजी मकान में ट्रैप कार्रवाई की गई।

शिकायतकर्ता बबीन्द्र पुत्र स्वर्गीय रकम सिंह निवासी ग्राम सिसौली, थाना छपार ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से मामले की शिकायत की थी। उनका आरोप था कि तहसील चरथावल में तैनात चकबंदी लेखपाल परशवीर कृषि भूमि की पैमाइश कराने के बदले 20 हजार रुपये मांग रहा है।

इसे भी पढ़ें:  मूसलाधार बारिश बनी आफत, अस्पताल की दीवार ढही

शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन, सहारनपुर मंडल की टीम ने आरोपों का सत्यापन किया। इसके बाद लेखपाल को पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया गया।

दोपहर 1:25 बजे हुई गिरफ्तारी

एंटी करप्शन टीम ने शनिवार दोपहर करीब 1:25 बजे रोहाना रोड पर आरोग्य हॉस्पिटल के पास स्थित एक निजी मकान में कार्रवाई की। टीम के अनुसार, शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये लेते समय लेखपाल परशवीर को पकड़ लिया गया।

इसे भी पढ़ें:  छद्म वेशधारी तीन संदिग्ध युवक फर्जी आधार कार्ड के साथ पकड़े

गिरफ्तार लेखपाल परशवीर पुत्र उदयवीर सिंह मूल रूप से बागपत जिले के करनावल गांव, थाना छपरौली का निवासी है। वर्तमान में उसकी तैनाती मुजफ्फरनगर की चरथावल तहसील में बताई गई है।

टीम ने रिश्वत की बताई गई रकम और कार्रवाई से जुड़े आवश्यक साक्ष्य कब्जे में लिए हैं। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।

तितावी थाने में दर्ज होगा मुकदमा

कार्रवाई के बाद आरोपी लेखपाल के खिलाफ थाना तितावी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में स्पिक मैके ने कराया ओडिसी नृत्य कार्यक्रम

अधिकारियों के अनुसार, रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने पर पहले उसका सत्यापन किया गया था। शिकायत सही पाए जाने के बाद ही ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

एंटी करप्शन टीम का कहना है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने से जुड़े मामलों में शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article