वृक्ष जीवन का आधार हैं, इनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएंः मीनाक्षी स्वरूप

मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को जन अभियान का स्वरूप मिला

नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में कमला नेहरू वाटिका से महाअभियान की शुरुआत, पर्यावरण संरक्षण के साथ प्लास्टिक मुक्त शहर का भी दिया संदेश

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के श्एक वृक्ष माँ के नामश् महाअभियान के तहत रविवार को नगर पालिका परिषद ने कमला नेहरू वाटिका (कंपनी बाग) में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में करीब 200 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित शहर और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पौधारोपण के साथ लोगों को कपड़े के थैले वितरित कर प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने का भी आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री कपिल देव अग्रवाल, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी एक-एक पौधा मां के नाम लगाकर अभियान को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। कमला नेहरू वाटिका में अतिथियों ने आम जनमानस के साथ मिलकर एक पेड़ मां के नाम लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

इसे भी पढ़ें:  पंजाब को मदरसों से मददः बाढ़ संकट में आगे आया मुस्लिम समाज

पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर चलाया जा रहा ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, मातृ सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माँ जीवन देती है, उसी प्रकार वृक्ष भी जीवन का आधार हैं। प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हरित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में लगातार कार्य कर रही है तथा जनसहभागिता से यह अभियान और अधिक सफल होगा।

मीनाक्षी स्वरूप ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण को जन अभियान का स्वरूप मिला है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ जैसे भावनात्मक अभियान के माध्यम से देशवासियों को प्रकृति से जोड़ने का प्रेरक संदेश दिया है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम न रहे, बल्कि पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी सभी मिलकर निभाएं। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ और धरती माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-पुलवामा के शहीद प्रशांत को पुण्यतिथि पर किया गया याद

नगर पालिका परिषद द्वारा अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप की कार्ययोजना के अनुसार शहर के 27 स्थानों पर लक्ष्य आधारित 11732 पेड़ लगाने के लिए अधिशासी अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गईं। जबकि अभियान की निगरानी नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं वाटिका प्रभारी डॉ. अन्नू चौधरी ने की। वृक्षारोपण अभियान के तहत कंपनी बाग, भोपा रोड, मेरठ रोड, एटूजेड रोड, संधावली एवं किदवईनगर एसटीपी, जनकपुरी श्मशान घाट, कृष्णापुरी, प्रेमपुरी, शांतिनगर, सुभाषनगर, कूकड़ा, नगरपालिका कन्या इंटर कॉलेज, गहरा बाग मिलिट्री लैंड सहित शहर के कुल 27 प्रमुख स्थलों पर पौधारोपण की व्यवस्था की गई, जिससे मुजफ्फरनगर की हरित संपदा को और सुदृढ़ बनाया जा सके। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधायक उमेश मलिक, सभासद सुरेन्द्र सिंह, ललित कुमार, मौहम्मद सलीम, शाहिद आलम, ईओ पवन कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नु चौधरी, सीएसएफआई योगेश कुमार, आईटी ऑफीसर प्रियेश कुमार, एसबीएम लिपिक रूचि शर्मा, जेएस एनवायरो से प्रोजेक्ट हैड नीतेश चौधरी, अनुज कुमार, वाटिका सुपरवाइजर दुष्यंत चौधरी, मौहम्मद सालिम और सुनहरा कल टीम से दीपक कुमार सहित अन्य आम जन मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में वोट बनवाने का अंतिम मौका, अब सिर्फ एक दिन शेष
Share This Article