शाहपुर के नाला विवाद का समाधान, एसडीएम के निरीक्षण के बाद बनी सहमति

जिलाधिकारी के निर्देश के अगले ही दिन एसडीएम बुढ़ाना प्रशासनिक टीम के साथ शाहपुर पहुंचे

डीएम के निर्देश पर प्रशासन ने संभाला मोर्चा, बाजार और मुख्य मार्ग के नालों का किया गया संयुक्त निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले कई दिनों से चल रहे नाला विवाद का गुरुवार को प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद समाधान हो गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर एसडीएम बुढ़ाना ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन, नगर पंचायत अध्यक्ष अकरम कुरैशी तथा संबंधित अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया और विवादित स्थल की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

इसे भी पढ़ें:  नरेश टिकैत का राजेन्द्र मलिक को चैलेंजः गठवाला खाप रोके नहीं रूकेगी

निरीक्षण के दौरान बाजार से निकलने वाले नाले तथा मुख्य मार्ग से जुड़े नाले का विस्तार से निरीक्षण कराया गया। अधिकारियों ने जल निकासी व्यवस्था, नालों की दिशा तथा स्थानीय परिस्थितियों का गहन अध्ययन किया। निरीक्षण के बाद प्रशासन ने सभी पक्षों से बातचीत कर विवाद का समाधान कराया, जिससे लंबे समय से चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो गया।

गौरतलब है कि बुधवार को शाहपुर नगर पंचायत के कई सभासदों एवं व्यापारियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने नाला निर्माण एवं जल निकासी से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की थी। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

इसे भी पढ़ें:  सहारनपुर रंगीन कचरी कार्रवाई से बाजार में हड़कंप

जिलाधिकारी के निर्देश के अगले ही दिन एसडीएम बुढ़ाना प्रशासनिक टीम के साथ शाहपुर पहुंचे और मौके पर निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष अकरम कुरैशी भी मौजूद रहे। प्रशासन की पहल और अधिकारियों की सक्रियता से नाला विवाद का समाधान होने पर स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों ने संतोष व्यक्त किया। उम्मीद जताई जा रही है कि अब क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था पहले की अपेक्षा अधिक सुचारु होगी और भविष्य में इस प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।

इसे भी पढ़ें:  ग्रेटर नोएडा: अखलाक मॉब लिंचिंग केस में केस वापसी की अर्जी खारिज, 6 जनवरी को अगली सुनवाई
Share This Article