मुजफ्फरनगर में रंगदारी-लूट केस में हिंदूवादी संगठन का युवा नेता गिरफ्तार

पूछताछ में हेमंत शर्मा ने पुलिस को बताया कि इस वारदात का मास्टरमाइंड सुमित है

छपार पुलिस ने 24 घंटे में हेमंत शर्मा को दबोचा, लूटी गई बोलेरो, 10 क्विंटल बिजली की केबल और 50 हजार रुपये बरामद

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में छपार पुलिस ने रंगदारी और लूट के सनसनीखेज मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए हिंदूवादी संगठन के एक पदाधिकारीगिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इस वारदात में सक्रिय रूप से शामिल था। उसकी निशानदेही पर लूटी गई महिंद्रा मैक्स बोलेरो, उसमें लदी करीब 10 क्विंटल बिजली की केबल तथा रंगदारी में मिले 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

छपार पुलिस के मुताबिक 22 जुलाई को दिल्ली के न्यू सीलमपुर निवासी जफर ने छपार थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी महिंद्रा मैक्स बोलेरो बिजली की केबल लेकर हरिद्वार जा रही थी। वाहन में चालक लारेब और परिचालक असद सवार थे। छपार क्षेत्र में पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया और दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए।

इसे भी पढ़ें:  पानीपत-खटीमा हाईवे पर खड़ी ट्रॉली में घुसी डीसीएम, चालक की मौत
संगठन के कार्यालय पर आयोजित बैठक में शामिल लूट का आरोपी हिंदूवादी नेता हेमंत शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ, ये फाइल चित्र है।

आरोपियों ने बंधक बनाए गए कर्मचारियों के मोबाइल से व्हाट्सएप कॉल कर वाहन मालिक से पहले 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर दोनों की हत्या की धमकी दी। कई घंटों तक अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर वाहन मालिक को गुमराह किया गया। आखिरकार नौ लाख रुपये में सौदा तय हुआ। रकम लेने के बाद बदमाश चालक और परिचालक को छोड़कर बोलेरो तथा उसमें भरी लाखों रुपये कीमत की बिजली की केबल लेकर फरार हो गए।

इसे भी पढ़ें:  मेरठ में पुलिस उत्पीड़न का मामला: एसएसपी ने थानाध्यक्ष को किया सस्पेंड, तीन पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा के निर्देश पर थाना छपार पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी हेमंत शर्मा पुत्र प्रमोद शर्मा निवासी गांव मेंदपुर को टीचर्स कॉलोनी, छपार से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हेमंत शर्मा ने पुलिस को बताया कि इस वारदात का मास्टरमाइंड सुमित है, जिसने अपने साथियों सुशील, युधिष्ठिर और अन्य लोगों के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई थी। आरोपियों ने पहले से मालवाहक वाहनों की रेकी की थी और बिजली की केबल से भरी बोलेरो को निशाना बनाया। वारदात के बाद केबल दूसरी गाड़ी में उतारकर बेचने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया। छपार पुलिस के अनुसार रंगदारी में वसूले गए नौ लाख रुपये में से हेमंत शर्मा को 50 हजार रुपये मिले थे, जिन्हें बरामद कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर लूटी गई बोलेरो और 10 क्विंटल बिजली की केबल भी बरामद हुई है। पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को हेमंत को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  ऑपरेशन सवेराः तीन जिलों में 104 तस्कर गिरफ्तार, 13.30 करोड़ का मादक पदार्थ जब्त
Share This Article