जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने बताया कि अभियान के तहत जिला, नगर और ग्रामीण स्तर पर धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे
मुजफ्फरनगर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर जिले में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा 29 जुलाई से गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के माध्यम से गुरु रविदास महाराज के समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी पवन अरोरा ने बताया कि अभियान की तैयारियों को लेकर गांधीनगर स्थित भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी की अध्यक्षता में कार्यशाला आयोजित की गई। जिला मीडिया प्रभारी पवन अरोरा ने बताया कि पार्टी हाईकमान के निर्देश पर आयोजित कार्यशाला में जिलेभर में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने बताया कि अभियान के तहत जिला, नगर और ग्रामीण स्तर पर धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, मोर्चा पदाधिकारी, जिला व मंडल पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता, संत-महात्मा और समाज के प्रबुद्धजन भाग लेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में देश और प्रदेश के साथ जिले में भी संत रविदास जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता अभियान चलाया जाएगा।

पूर्व जिलाध्यक्ष देवव्रत त्यागी ने बताया कि अभियान के दौरान गुरु रविदास महाराज के जीवन, यात्राओं और आध्यात्मिक विरासत से जुड़े प्रमुख तीर्थस्थलों जूनागढ़ (गुजरात), सागर (मध्य प्रदेश), चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) और श्री खुरालगढ़ साहिब (पंजाब) के विकास एवं संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पूर्व विधायक उमेश मलिक ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सामाजिक समरसता को मजबूत करना, विभिन्न समाजों और सामाजिक संस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित करना तथा गुरु रविदास महाराज के विचारों को समाज तक पहुंचाना है। पूर्व विधायक प्रमोद उटवाल ने कहा कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान सामाजिक सद्भाव, जनभागीदारी और समरस समाज की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यशाला के बाद जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने अभियान के लिए बनाए गए कार्यक्रम संयोजकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दीप उत्सव कार्यक्रम के लिए अंजलि चौधरी, संत सम्मेलन के लिए शरद शर्मा, कलश वंदन कार्यक्रम के लिए श्वेता कौशिक, समाज संपर्क कार्यक्रम के लिए यशवीर सिंह, समरसता यात्रा के लिए विशाल गर्ग और गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क कार्यक्रम के लिए अजय सागर को संयोजक बनाया गया है। कार्यशाला में मुख्य रूप से गौरव स्वरूप, विजय सैनी, शरद शर्मा, सुनील दर्शन, संजय गर्ग, श्रीमोहन तायल, सचिन त्यागी पावटी, लवी विकल, वीरेंद्र सैनी, ममता अग्रवाल सहित जिले के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
