रामपुर तिराहा पुलिस चैकी को अस्थायी थाने का दर्जा, एक थाना प्रभारी, तीन उपनिरीक्षक समेत 18 पुलिसकर्मियों की तैनाती
मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस ने इस वर्ष एक नई पहल करते हुए पहली बार अस्थायी थाने की स्थापना की है। जिले के सबसे व्यस्त कांवड़ मार्गों में शामिल रामपुर तिराहा क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बेहतर कानून व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इससे यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा के निर्देश पर छपार थाना क्षेत्र स्थित रामपुर तिराहा पुलिस चैकी को अस्थायी थाने का स्वरूप दिया गया है। इस अस्थायी थाने के गठन के साथ ही यहां स्वतंत्र पुलिस प्रबंधन व्यवस्था लागू कर दी गई है, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाले दबाव को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके। अस्थायी थाने की जिम्मेदारी चैकी प्रभारी उप निरीक्षक सुभाषचंद्र को थानाध्यक्ष के रूप में सौंपी गई है। वहीं मंसूरपुर थाने से उपनिरीक्षक विशाल राठी को वरिष्ठ उपनिरीक्षक नियुक्त किया गया है। इनके अलावा दो अन्य उपनिरीक्षक, दो हैड मोहर्रिर, चार मुख्य आरक्षी तथा दस आरक्षियों सहित कुल 18 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो चैबीसों घंटे शिफ्टवार ड्यूटी पालन करते हुए सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और कानून व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

एसएसपी संजय वर्मा के अनुसार रामपुर तिराहा कांवड़ यात्रा के दौरान अत्यंत संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्र माना जाता है, जहां प्रतिदिन लाखों शिवभक्तों का आवागमन रहता है। ऐसे में अस्थायी थाने की स्थापना से पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी, शिकायतों का तत्काल निस्तारण होगा और किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा। गौरतलब है कि कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर जिले में व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन योजना लागू की गई है। यात्रा मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था तथा विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
