पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास के बाहर देर रात हंगामा

शहर की वीआईपी कॉलोनी में युवक ने दिया धरना, पुलिस ने संभाला मोर्चा, लगे गंभीर आरोप

अस्थि रोग विशेषज्ञ के भाई ने सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट और कार में तोड़फोड़ का लगाया आरोप

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित ए-टू-जेड कॉलोनी में रविवार देर रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास के बाहर एक अस्थि रोग विशेषज्ञ चिकित्सक के भाई ने उनके सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट, अभद्रता और कार में तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात तक स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास करती रही।

इसे भी पढ़ें:  भाकियू लोक शक्ति के कार्यकर्ताओं ने कैंडिल मार्च निकालकर लखनऊ हादसे के मृतकों को दी श्रद्धांजलि

जानकारी के अनुसार ए-टू-जेड कॉलोनी निवासी अमित बाना ने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री के आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मियों तथा अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की, अभद्र व्यवहार किया और उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के विरोध में उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ धरना शुरू कर दिया, जिससे कॉलोनी में देर रात तक हलचल बनी रही। घटना के बाद अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. ललित बाना भी अपने भाई अमित बाना के समर्थन में धरने पर बैठ गए। मामले की जानकारी मिलते ही नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। देर रात तक धरना और हंगामा जारी रहने से कॉलोनी में लोगों की भीड़ लगी रही।

इसे भी पढ़ें:  LOKSABHA ELECTION-मीरापुर पुलिस ने पकड़ी 1.70 लाख की नगदी

अमित बाना ने मीडिया से बातचीत में पूर्व केंद्रीय मंत्री, उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों तथा अन्य लोगों पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कॉलोनी में कथित रूप से दबंगई का माहौल बनाए जाने, अवैध कब्जे तथा अन्य अनियमितताओं से जुड़े आरोप भी लगाए। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और प्राप्त शिकायतों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत और पुलिस की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई थी।

इसे भी पढ़ें:  खतौली में कूड़ा फेंकने को लेकर बवाल, सफाई कर्मचारियों और पुलिस में धक्का-मुक्की
Share This Article