मुजफ्फरनगर में बर्थडे पार्टी में फायरिंग, सास समेत 3 महिलाएं घायल

मुजफ्फरनगर। शहर की पॉश पंचशील कॉलोनी में सोमवार रात बच्चे के जन्मदिन की खुशियां अचानक गोलियों की आवाज और चीख-पुकार में बदल गईं। आरोप है कि देहरादून से आए दामाद ने पारिवारिक विवाद के बीच अपनी ससुराल में लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। गोली लगने से सास समेत तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। तीनों को उपचार के लिए पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया।

घटना थाना सिविल लाइंस क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अनंत मित्तल निवासी लाल तप्पड़, थाना डोईवाला, देहरादून अपने बेटे के जन्मदिन पर मुजफ्फरनगर स्थित ससुराल आया था। घर में जन्मदिन की तैयारी चल रही थी। रिश्तेदार भी मौजूद थे। इसी दौरान पुराने वैवाहिक विवाद और बच्चे की कस्टडी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी अनंत मित्तल की शादी वर्ष 2012 में पंचशील कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार मित्तल की बेटी राधिका मित्तल से हुई थी। पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। बच्चे की कस्टडी को लेकर मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन बताया गया है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-3.50 करोड़ की नकली दवा खरीद में कारोबारी गिरफ्तार

सोमवार रात अनंत अपने बेटे से मिलने और जन्मदिन में शामिल होने आया था। केक कटने से पहले ही परिवार के बीच बातचीत तीखी बहस में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान अनंत ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और फायरिंग शुरू कर दी।

सास के पेट में गोली, दो अन्य महिलाएं भी घायल

फायरिंग में आरोपी की सास शमा मित्तल को पेट में गोली लगी। बीच-बचाव में आईं सविता मित्तल और अपूर्वा मित्तल भी गोली लगने से घायल हो गईं। अचानक हुई फायरिंग से घर में भगदड़ मच गई। आसपास के लोग भी गोलियों की आवाज सुनकर सहम गए।

सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायल महिलाओं को तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया गया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उपचार के बाद घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  सावन के पहले सोमवार पर मंदिर कचौरी नाथ में रुद्राभिषेक, योगी बाबा चंचल नाथ ने दिया आशीर्वाद

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा और एसपी सिटी अमृत जैन पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। आरोपी के फरार होने की आशंका को देखते हुए शहर के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर चेकिंग बढ़ाई गई।

पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी अनंत मित्तल को करीब एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

वारदात के बाद फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कमरे से खाली खोखे, बुलेट के निशान और खून के नमूने जुटाए। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की हर गतिविधि साफ हो सके।

इसे भी पढ़ें:  चरथावल-घिस्सुखेड़ा नहर टूटने से तबाही, सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल बर्बाद

पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। लाइसेंसी रिवॉल्वर के लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजे जाने की बात भी सामने आई है।

पंचशील कॉलोनी जैसे शांत इलाके में हुई इस वारदात ने लोगों को हिला दिया है। जिस घर में बच्चे के जन्मदिन की तैयारी चल रही थी, वहीं कुछ ही मिनटों में पुलिस, एंबुलेंस और फॉरेंसिक टीम की आवाजाही शुरू हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद अचानक भड़का या आरोपी पहले से किसी तैयारी के साथ आया था।

Also Read This

समाज सेवा में योगदान पर गिरीश अग्रवाल को मिला ‘विकास रत्न’ सम्मान

लायंस क्लब दिव्य, मुजफ्फरनगर की कोर कमेटी में निभा रहे सक्रिय भूमिका, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आदित्य गुप्ता ने किया सम्मानित मुजफ्फरनगर। शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लायंस क्लब दिव्य, मुजफ्फरनगर की कोर कमेटी के सक्रिय सदस्य गिरीश अग्रवाल को लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-सी1 के प्रतिष्ठित ‘विकास रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाज हित में किए जा रहे कार्यों, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना के लिए प्रदान किया गया। यह सम्मान समारोह मेरठ रोड स्थित मूलचंद रिसोर्ट में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट 321-सी1 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर आदित्य गुप्ता ने गिरीश अग्रवाल को

Read More »