मुख्य अतिथि श्रीमती मधु गोयल जी ने कहा कि स्वर्गीय लाला हरबंस लाल गोयल द्वारा स्थापित शैक्षिक मूल्यों और संस्कारों की परंपरा को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है
मुजफ्फरनगर। एम.जी. पब्लिक स्कूल में गुरुवार को विद्यालय के फाउंडर चेयरमैन स्वर्गीय लाला हरबंस लाल गोयल की 104वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में दो दिवसीय इंटर-स्कूल मल्टी-स्किल कॉम्पिटिशन का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्रीमती मधु गोयल जी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और रचनात्मकता का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने मुख्य अतिथि श्रीमती मधु गोयल जी, निर्णायक मंडल में शामिल अतिथियों, विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं का स्वागत करते हुए सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के आयोजन करता रहेगा।

प्रतियोगिता के प्रथम दिन इको फैशन फिएस्टा (इको-फ्रेंडली फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता), लिटिल लेजेंड्स ड्रामा फेस्ट (नाट्य प्रतियोगिता) तथा कैरम क्वेस्ट (इंटर-स्कूल कैरम टूर्नामेंट) का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में जनपद के सीबीएसई से संबद्ध 14 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन जैन कन्या पाठशाला महाविद्यालय के ड्राइंग एवं पेंटिंग विभाग की प्रोफेसर डॉ. वंदना वर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर अंग्रेजी विभाग डॉ. पारुल जैन तथा चौधरी छोटूराम इंटर कॉलेज के फिजिकल टीचर अक्षय कुमार ने निर्णायक के रूप में किया।

मुख्य अतिथि श्रीमती मधु गोयल जी ने कहा कि स्वर्गीय लाला हरबंस लाल गोयल द्वारा स्थापित शैक्षिक मूल्यों और संस्कारों की परंपरा को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने बताया कि पहले दिन सम्पन्न हुई इको फैशन फिएस्टा प्रतियोगिता में सावी त्यागी एसडी पब्लिक स्कूल प्रथम, श्रद्धा सिंह आर्य अकादमी इंटरनेशनल स्कूल द्वितीय तथा मानवी पाल दि एसडी पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहीं।
लिटिल लेजेंड्स ड्रामा फेस्ट में दि एसडी पब्लिक स्कूल प्रथम, आर्य अकादमी इंटरनेशनल स्कूल द्वितीय तथा ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहे। कैरम क्वेस्ट बालक वर्ग में अनिरुद्ध चंदेल जीसीपीएस प्रथम, अब्दुल समद दि एसडीपीएस द्वितीय व मौहम्मद सैफ नालन्दा पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान हासिल किया।

बालिका वर्ग में माही वर्मा एसएफ डीएवीपीएस प्रथम, विधि पीआरपीएस द्वितीय तथा प्रार्थना गुप्ता जीसीपीएस तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेता बच्चों को मुख्य अतिथि श्रीमती मधु गोयल जी द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने कहा कि एम.जी. पब्लिक स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक शिक्षा तक सीमित न रखकर उनके व्यक्तित्व के समग्र विकास के अवसर उपलब्ध कराना है। इंटर-स्कूल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नई सीख प्राप्त करने तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागी विद्यालयों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका श्रीमती ममता शर्मा व श्रीमती रितु शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षक व् शिक्षिकाओं एवं अन्य स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा। इस दो दिवसीय आयोजन का शुक्रवार को समापन किया जायेगा।
