कांवड़ यात्रा-शिवभक्तों की सेवा में जुटी ललित मोहन की क्रांति सेना

शिविर में कांवड़ियों के लिए भोजन, जलपान, विश्राम, चिकित्सा की सुविधा

राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया क्रांतिसेना के 33वें कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ, निरंतर चल रही सेवा परंपरा को सराहा

मुजफ्फरनगर। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर पहुंचने के साथ ही शिवभक्तों की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन सक्रिय हो गए हैं। इसी क्रम में रुड़की रोड स्थित आनंद भवन मंदिर परिसर में क्रांति सेना के 33वें कांवड़ सेवा शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया और आयोजकों की सेवा भावना की सराहना की।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-आंधी से गिरी ईंट भट्ठे की दीवार, मलबे में दबकर मजदूर की मौत

राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि क्रांति सेना के अध्यक्ष ललित मोहन शर्मा के नेतृत्व में पिछले 33 वर्षों से निरंतर संचालित हो रहा यह कांवड़ सेवा शिविर सेवा, समर्पण और सनातन संस्कृति के प्रति अटूट आस्था का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बिना किसी स्वार्थ के शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा करना अत्यंत पुण्य का कार्य है और ऐसे प्रयास समाज में धार्मिक सौहार्द, सहयोग तथा मानव सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजकों एवं सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं देते हुए बाबा भोलेनाथ से प्रार्थना की कि सभी श्रद्धालुओं की कांवड़ यात्रा मंगलमय, सुरक्षित एवं सफल रहे तथा सेवा का यह पावन अभियान निरंतर आगे बढ़ता रहे।

इसे भी पढ़ें:  एडीएम प्रशासन ने किया राजकीय संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण

इस अवसर पर क्रांति सेना के अध्यक्ष ललित मोहन शर्मा की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए कहा गया कि तीन दशक से अधिक समय तक लगातार कांवड़ सेवा शिविर का सफल संचालन करना समर्पण, संगठन क्षमता और समाज सेवा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा का परिचायक है। उनकी अगुवाई में क्रांति सेना हर वर्ष हजारों कांवड़ियों की सेवा कर सामाजिक उत्तरदायित्व और धार्मिक आस्था का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। संगठन की यह सेवा परंपरा जनसहभागिता और मानवीय मूल्यों को भी नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।

इसे भी पढ़ें:  देह दानः मरकर भी समाज को सेवा की राह दिखा गये बाबू जयप्रकाश एडवोकेट

शिविर में कांवड़ियों के लिए भोजन, जलपान, विश्राम, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उद्घाटन समारोह में समाजसेवी देवराज पंवार, क्रांति सेना के बिट्टू सिखेडा, शरद कपूर, उज्जवल पंडित, पूनम शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे। अंत में ललित मोहन ने सभी का आभार जताया और प्रसाद वितरित किया गया।

Share This Article