एमएलसी मोहित बेनीवाल ने सीएम योगी से की मांग-‘लक्ष्मीनगर’ किया जाये मुजफ्फरनगर का नाम

सावन और कांवड़ यात्रा के बीच सांस्कृतिक विरासत का हवाला देकर नाम परिवर्तन का आग्रह, पशु चिकित्सालयों में स्टाफ की तैनाती और किसानों के मुद्दे भी उठाए

मुजफ्फरनगर। सावन माह और कांवड़ यात्रा के धार्मिक माहौल के बीच उत्तर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर ‘लक्ष्मीनगर’ किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा विषय बताते हुए मुख्यमंत्री से इस संबंध में सावन माह में ही कांवड़ यात्रा के दौरान घोषणा करने का आग्रह किया। इसके साथ ही किसानों और पशुपालकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

उत्तर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट कर जनहित और क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंपते हुए मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर ‘लक्ष्मीनगर’ किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।
मोहित बेनीवाल ने सीएम योगी से मुलाकात के दौरान अपनी मांग के समर्थन में कहा कि यह केवल नाम परिवर्तन का विषय नहीं है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक पहचान और प्राचीन सभ्यता के पुनर्स्थापन का संकल्प है। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि महाभारत काल से जुड़े पवित्र शुक्रताल की ऐतिहासिक महत्ता, क्षेत्र की कृषि समृद्धि, व्यापारिक पहचान और आर्थिक विकास को देखते हुए ‘लक्ष्मीनगर’ नाम इस क्षेत्र की प्राचीन गरिमा और नई पहचान का प्रतीक बन सकता है। उन्होंने सावन और कांवड़ यात्रा के दौरान सनातन समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।

इसे भी पढ़ें:  अवैध पशु तस्करी का भंडाफोड़, 14 पशुओं समेत दो पिकअप बरामद

मुलाकात के दौरान श्री बेनीवाल ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नव निर्मित पशु चिकित्सालयों के संचालन से जुड़ा मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई पशु चिकित्सालय भवन तो तैयार हो चुके हैं, लेकिन चिकित्सकों, पैरावेट स्टाफ और अन्य आवश्यक विशेषज्ञों की नियुक्ति न होने के कारण किसानों और पशुपालकों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने इन संस्थानों में शीघ्र पद सृजित कर नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि पशुओं को समय पर उपचार उपलब्ध हो सके और किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसे भी पढ़ें:  महिला की पुकार पर नहीं जागी पुलिस, दरोगा ने कहा – पहले चौकी आओ, तब करेंगे कार्रवाई

इसके अलावा एमएलसी मोहित ने किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया और उनके शीघ्र समाधान की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि कृषि और पशुपालन पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए इन क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों का समयबद्ध समाधान आवश्यक है। मोहित बेनीवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास, जनकल्याण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति उनकी सकारात्मक सोच और संवेदनशील दृष्टिकोण से प्रदेश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री जनभावनाओं और क्षेत्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की नीति के तहत उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेंगे। मुलाकात के दौरान एमएलसी मोहित बेनीवाल ने सीएम योगी को भगवान श्री कृष्ण की कांस्य की प्रतिमा भेंट की।

इसे भी पढ़ें:  कच्चा मकान ढहा, चार बच्चों समेत एक परिवार के 5 लोगों की मौत; दो बच्चियां घायल
Share This Article