हरियाणा से बाइक पर आ रहे थे दो युवक, पानीपत-खटीमा हाईवे पर देर रात हुआ हादसा, ईको कार चालक को कार सहित पुलिस ने दबोचा, परिजनों ने दी तहरीर, मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। दोस्त से मिलने आ रहे हरियाणा के दो बाइक सवार युवकों की कार की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा देर रात पानीपत-खटीमा हाईवे पर उस समय हुआ, जब उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार ईको कार ने जोरदार टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी ईको कार चालक को वाहन सहित हिरासत में ले लिया है। दोनों युवकों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। मृतकों के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
तितावी थाना क्षेत्र के पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती रात भयानक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ईको कार चालक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों दोस्त बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। हादसा होने के बाद मची चीख पुकार के बीच ही कांवड़ यात्रा ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल दोनों बाइक सवार युवकों को 108 एम्बुलेंस के सहारे जिला चिकित्सालय में पहुंचाया। यहां पर उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
तितावी थानाध्यक्ष पवन चौधरी ने बताया कि गुरूवार की देर रात पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित जागाहेडी ओवरब्रिज पर ईको कार और बाइक सवारों के बीच भिड़ंत हो गई। कार द्वारा बाइक में जोरदार टक्कर मारने के कारण बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये थे, उनको तत्काल ही उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में पहंुचाया गया था, लेकिन वहां पर उपचार के दौरान ही दोनों की मौत हो गई।
इनकी पहचान लहना सिंह 46 पुत्र पृथ्वी सिंह और उसके साथी गौरव 26 पुत्र रमेश सिंह निवासीगण गांव बापोली जनपद पानीपत हरियाणा के रूप में हुई है। मृतकों की पहचान होने के बाद उनके परिजनों को भी सूचित कर दिया गया था। सवेरे परिजन थाने पहुंचे थे। शवों का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया था। वहीं ईको कार चालक की पहचान भी कर ली गई। कार चालक बादशाह सिंह निवासी गांव नंगला पिथौरा को गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसे में शामिल रही उसकी ईको कार को भी जब्त किया गया है। इसके साथ ही मृतक के परिजनों की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
