मुजफ्फरनगर में खाली प्लॉट में मिला युवक का शव, मचा हड़कंप

रविवार की सुबह से लापता था अरविंद, पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल, परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

मुजफ्फरनगर। मोरना में एक युवक के अचानक लापता होने के अगले ही दिन उसका शव एक खाली प्लॉट में मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह सब्जी मंडी के पास शव मिलने की खबर जैसे ही आसपास के क्षेत्र में फैली, मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने युवक की काफी तलाश की थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला था। अब शव बरामद होने के बाद परिवार में कोहराम मचा है और मौत की वजह को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने इसे हत्या बताते हुए पुलिस ने निष्पक्ष जांच की मांग की।

इसे भी पढ़ें:  खतौली में रोती मिली 3 साल की बच्ची, पुलिस ने 30 मिनट में परिवार से मिलाया

भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव में सोमवार सुबह करीब आठ बजे सब्जी मंडी के पास स्थित एक खाली प्लॉट में स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में मोरना चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस के प्रयास के बाद लोगों ने शव की पहचान 32 वर्षीय अरविंद सिंह पुत्र जसपाल सिंह निवासी मोरना के रूप में की।

पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी तो वे मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इस बीच ग्रामीणों की भीड़ भी जुट गई थी। मृतक के भाई अर्जुन के अनुसार, अरविंद रविवार सुबह करीब छह बजे घर से लापता हो गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी जानकारी की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों की ओर से पुलिस को भी उसके लापता होने की सूचना दी गई थी।

इसे भी पढ़ें:  अखिलेश यादव जिंदाबाद....पर झूमते दिखे जयंत के चंदन

सोमवार सुबह पुलिस के माध्यम से अरविंद का शव मिलने की जानकारी परिजन तक पहुंची। इसके बाद परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। अचानक हुई मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। अरविंद अपने पीछे पत्नी नोरता देवी, आठ वर्षीय पुत्र कुंज, छह वर्षीय पुत्री अवनी और चार वर्षीय पुत्री अन्वी को छोड़ गया है। परिवार के लोगों के मुताबिक अरविंद की किसी से रंजिश नहीं थी।

इसे भी पढ़ें:  संभल हिंसा को लेकर अखिलेश यादव पर केस, वकील ने मांगा ₹1 का हर्जाना

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोरना चौकी प्रभारी उप निरीक्षक पिंटू कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों और युवक के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। वहीं, परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की वजह सामने लाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article